‘मेरी आंखों में आंसू आ गए…’ अभिषेक पाठक के खास सरप्राइज ने शिवालिका को किया भावुक
अजय देवगन स्टारर ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही है। फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है और डायरेक्टर अभिषेक पाठक को कहानी को शानदार अंदाज में अंजाम तक पहुंचाने के लिए खूब तारीफ मिल रही है। इसी बीच उनकी पत्नी और एक्ट्रेस शिवालिका ओबेरॉय का एक इमोशनल वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
दरअसल, शिवालिका हाल ही में थिएटर में ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ देखने पहुंचीं। फिल्म खत्म होने के बाद जब एंड क्रेडिट्स चल रहे थे, तभी बड़े पर्दे पर उनके लिए अभिषेक का लिखा एक खास थैंक्यू नोट नजर आया। इसे देखते ही शिवालिका भावुक हो गईं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने इस खास पल का वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया।
शिवालिका ने पोस्ट में बताया कि बड़े पर्दे पर अपना नाम और अभिषेक का मैसेज देखकर वह खुद को रोक नहीं पाईं। उन्होंने लिखा कि उनकी आंखों में आंसू आ गए और उन्हें मिल रहे मैसेज से पता चला कि दूसरे लोगों को भी यह पल उतना ही खास लगा।
मुश्किल सफर में बनीं अभिषेक की ताकत
शिवालिका ने इस मौके पर ‘दृश्यम 3’ बनाने के दौरान बीते मुश्किल दौर को भी याद किया। उन्होंने बताया कि इस सफर में दोनों ने कई त्याग किए, मुश्किल दिन देखे और एक-दूसरे से दूर भी रहना पड़ा। इन तमाम चुनौतियों के बावजूद उन्हें अभिषेक, उनके विजन और उनकी बनाई फिल्म पर पूरा भरोसा था।
एक्ट्रेस ने आगे कहा कि आज जब पूरी दुनिया अभिषेक की बनाई फिल्म का जश्न मना रही है तो उन्हें लगता है कि हर मुश्किल पल इसके लायक था। उन्होंने अपनी बेटी आरिका का जिक्र करते हुए लिखा कि एक दिन उसे यह जानकर गर्व होगा कि उसके पिता ने ‘दृश्यम’ जैसी फिल्म का निर्देशन किया था। शिवालिका ने आखिर में अभिषेक की पत्नी होने पर बेहद गर्व जताया।
अभिषेक और शिवालिका ने 2023 में शादी की थी और इसी साल अप्रैल में दोनों एक बेटी आरिका के माता-पिता बने। वहीं, 2 अक्टूबर को रिलीज हुई ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ ने शुरुआती तीन दिनों में भारत में करीब ₹176.5 करोड़ नेट कमाए हैं।






