Ram Mandir Inauguration: अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाली रामलला की प्राण प्रतिष्ठा (Ram Mandir Inauguration) को लेकर तैयारी जोर-शोर से चल रही हैं. वहीं इस एतिहासिक पल को यादगार बनाने में लोग कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं. ऐसे में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा में एक मशहूर अदाकारा डांस परफॉर्मेंस देने वाली हैं. वहीं ये डांस परफॉर्मेंस रामायण पर आधारित हो सकती है.
राम मंदिर में ड्रीम गर्ल का डांस
राम मंदिर में रामायण पर आधारित डांस परफॉर्मेंस करने के लिए बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी को चुना गया है. सबकी पसंदीदा एक्ट्रेस होने के साथ-साथ हेमा मालिनी क्लासिकल डांस की भी क्वीन हैं. ऐसे में अब हेमा मालिनी भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा से पहले अपनी कला प्रदर्शन करने वाली हैं.

हेमा मालिनी ने शेयर किया वीडियो
अयोध्या में राम मंदिर उद्घाटन समारोह में डांस परफॉर्मेंस देने का खुलासा खुद हेमा मालिनी ने किया है. हेमा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो शेयर करते हुए कहा कि – “जय श्री राम, मैं पहली बार अयोध्या आ रही हूं और वो भी उस वक्त जब राम लला के मंदिर का उद्घाटन होने जा रहा है. जिसका कई सालों से लोग इंतजार कर रहे थे. 14 जनवरी से 22 जनवरी तक जगत गुरु पद्म विभूषण तुलसी पीठाधीश्वर जगत गुरु रामनंद स्वामी रामभद्राचार्य जी का 75वां जन्मोत्सव मनाया जा रहा है.”
हेमा मालिनी आगे कहती हैं कि, “उसी वक्त मैं अपनी पूरी टीम के साथ मंदिर के उद्घाटन और गुरुदेव के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में अयोध्या धाम में 17 जनवरी को शाम 7 बजे रामायण पर आधारित नृत्य नाटिका प्रस्तुत करने जा रही हूं. तो आइए इस सनातन पर्व को मनाने के लिए हम सब अयोध्या धाम में मिलते हैं.”
राम मंदिर का उद्घाटन
राम लला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में देश-विदेश से कई अतिथियों को बुलावा भेजा गया है. वहीं 22 जनवरी को दोपहर 12 बजे राम मंदिर में भगवान राम को बाल स्वरुप में विराजमान किया जाने वाला है. इस मंदिर का उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी के हाथो होना है.





