Ram Mandir: बॉलीवुड अभिनेता अभिषेक बच्चन आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। अभिनेता फिल्मों के अलावा दूसरे क्षेत्रों में भी काफी सक्रिय रहते हैं। हाल ही में, अभिषेक राजस्थान में चल रहे कबड्डी टूर्नामेंट को लेकर जयपुर में मौजूद हैं, जहां उनकी टीम जयपुर पिंक पैंथर्स ने खेल में भाग लिया है। कार्यक्रम में मीडिया को संबोधित करते हुए अभिनेता ने अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए अपनी खुशी साझा की है। आइए जानते हैं अभिषेक ने क्या कहा है।
क्या कहा अभिषेक ने?
मीडिया से बात करते हुए अभिषेक ने कहा, ”मैं यह देखने के लिए बहुत उत्साहित हूं कि मंदिर बनकर कैसा दिखता और भगवान राम का आशीर्वाद लेने के लिए भी काफी उत्साहित हूं।” बता दें कि कई बॉलीवुड सेलेब्स को अयोध्या में राम मंदिर ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह के लिए निमंत्रण मिला है। अब अभिषेक की इन बातों से लगता है कि वह भी राम लला के दर्शन करने का कोई मौका नहीं छोड़ने वाले हैं।

अभिषेक की इस वीडियो पर उनके फैंस जमकर प्यार लुटा रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, ’22 जनवरी को आपकी मौजूदगी अनिवार्य है अभिषेक।’ दूसरे यूजर ने लिखा, ‘हम सभी एक बार फिर दिवाली मनाने के लिए बेहद उत्साहित हैं। आम लोगों से लेकर बड़ी हस्तियों तक सभी को इस ऐतिहासिक दिन का इंतजार है।’ एक और यूजर ने लिखा, ‘आप के साथ हम सभी उत्साहित हैं।’
गौरतलब है कि खिलाड़ी कुमार यानी अक्षय कुमार, कंगना रणौत, टाइगर श्रॉफ, जैकी श्रॉफ, हरिहरन, रजनीकांत, अमिताभ बच्चन, रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और रणदीप हुडा जैसे कई बॉलीवुड सेलेब्स को अयोध्या में राम मंदिर ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह के लिए निमंत्रण मिला है। इन सेलेब्स ने निमंत्रण पत्र की तस्वीरें अपने फैंस के साथ भी साझा की हैं।
अभिषेक का वर्क फ्रंट
वर्क फ्रंट की बात करें तो अभिषेक बच्चन पिछली बार सैयामी खेर के साथ फिल्म ‘घूमर’ में नजर आए थे। अब रिपोर्ट के मुताबिक अभिषेक बच्चन साजिद नाडियाडवाला के साथ हाउसफुल फ्रेंचाइजी की पांचवीं इंस्टॉलमेंट हाउसफुल 5 में भी नजर आ सकते हैं।





