टी20 विश्व कप का आयोजन आईपीएल 2024 सीजन के तुरंत बाद जून में अमेरिका और वेस्टइंडीज में होना है। इंग्लैंड की टीम इस टूर्नामेंट में अपने खिताब के बचाव के लिए उतरेगी।
T20 World Cup 2024: इंग्लैंड को टी20 विश्व कप शुरू होने से पहले ही बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने खुद को इस वैश्विक टूर्नामेंट के लिए इंग्लैंड टीम में नहीं चुनने का आग्राह किया है। टी20 विश्व कप का आयोजन आईपीएल 2024 सीजन के तुरंत बाद जून में अमेरिका और वेस्टइंडीज में होना है। इंग्लैंड की टीम इस टूर्नामेंट में अपने खिताब के बचाव के लिए उतरेगी।

स्टोक्स ने 2022 में पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को विश्व विजेता बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। इसके बाद हालांकि स्टोक्स सिर्फ दो मैच में ही खेले थे और वो भी पिछले साल आईपीएल में। स्टोक्स ने इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) को इस बात की जानकारी दी है। उनका कहना है कि वह इसलिए यह बलिदान दे रहे हैं क्योंकि इससे उन्हें वैसा ऑलराउंडर बनने में मदद मिलेगी जैसा वह बनना चाहते हैं।
स्टोक्स ने पिछले टी20 विश्व कप के बाद से सिर्फ़ दो ही टी20 मैच खेले हैं और यह दोनों ही मैच उन्होंने पिछले सीज़न चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेले थे। हालांकि स्टोक्स ने इस साल IPL से भी अपना नाम वापस ले लिया था।
क्या कहना है बेन स्टोक्स का?
ECB ने स्टोक्स के हवाले से उनका एक बयान जारी किया है, जिसमें स्टोक्स ने कहा है, “मैं हर प्रारूप में ख़ुद को ऑलराउंडर के तौर पर तैयार करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा हूं। IPL और टी20 विश्व कप से बाहर होना इस लक्ष्य को प्राप्त करने में मेरी मदद करेगा।”

टेस्ट कप्तान ने कहा, “भारत के हालिया टेस्ट दौरे से मुझे पता चला कि घुटने की सर्जरी और नौ महीने बिना गेंदबाजी के रहने के बाद मैं बॉलिंग के दृष्टिकोण से कितना पीछे था। मैं हमारे टेस्ट समर की शुरुआत से पहले काउंटी चैम्पियनशिप में डरहम के लिए खेलने के लिए उत्सुक हूं। मैं जोस (बटलर), मोट्टी (मैथ्यू मॉट) और पूरी टीम को अपना खिताब बचाने के लिए शुभकामनाएं देता हूं।”
4 जून को इंग्लैंड का पहला मैच
इंग्लैंड की ICC पुरुष T20 वर्ल्ड कप में अपने अभियान का आगाज 4 जून को बारबाडोस के केंसिंग्टन ओवल में स्कॉटलैंड के खिलाफ करेगी। इसके बाद वे सुपर 8 और नॉकआउट चरण के लिए क्वालीफिकेशन से पहले बारबाडोस और एंटीगुआ में ऑस्ट्रेलिया, ओमान और नामीबिया के खिलाफ ग्रुप मैच खेलेंगे।





