सुपरस्टार रजनीकांत का जन्म 12 दिसंबर, 1950 को बैंगलोर के एक मराठी परिवार में हुआ था।
Rajnikanth: सुपरस्टार रजनीकांत आज यानी 12 दिसंबर को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। साउथ से से लेकर बॉलीवुड तक रजनीकांत के अभिनय का सिक्का चलता है। रजनीकांत एक ऐसे स्टार हैं, जिनकी फिल्में रिलीज होना फैंस के लिए किसी त्योहार से कम नहीं होता। रजनीकांत की फिल्मों की रिलीज पर कई कंपनियों में तो छुट्टी तक दे दी जाती है और यही कारण है कि इंडस्ट्री के थलाइवा का जलवा केवल साउथ में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में देखने को मिलता है। रजनीकांत का जन्म 12 दिसंबर 1950 को बेंगलुरु में हुआ था।

उनका शुरुआती नाम शिवाजी राव गायकवाड़ रखा गया था, लेकिन इंडस्ट्री में उन्हें रजनीकांत के नाम से जाना जाता है। भारतीय सिनेमा को दिए अपने योगदान के लिए रजनीकांत साल 2016 में पद्म विभूषण से सम्मानित हुए थे। वहीं, 2000 में सरकार ने उन्हें पद्म भूषण से नवाजा। इतना ही नहीं, सिनेमा जगत के सबसे उच्च पुरस्कार दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से भी रजनीकांत को सम्मानित किया जा चुका है।
आज एक्टर के जन्मदिन के मौके पर हम आपको एक्टर से जुड़ा एक किस्सा बताने जा रहे हैं। क्या आप जानते हैं कि एक समय ऐसा भी था जब रजनीकांत किसी से शादी करना चाहते थे, लेकिन उस लड़की ने एक्टर का दिल बुरी तरह से तोड़ दिया था। चलिए जानते हैं कि एक महिला ने क्यों रजनीकांत से शादी करने से मना कर दिया था।

डार्क स्किन की वजह से लड़की ने ठुकरा दिया था शादी का प्रस्ताव
इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, डॉ. गायत्री श्रीकांत ने रजनीकांत की बायोग्राफी लिखी है, जिसका टाइटल है- द नेम इज रजनीकांत है। इस किताब में खुलासा किया गया है कि जब रजनीकांत बैंगलोर में एक बस कंडक्टर के तौर पर काम करते थे तो उन्हें एक लड़की पसंद आई थी। वह उस लड़की से शादी करना चाहते थे, लेकिन उस लड़की ने रजनीकांत से शादी करने से मना कर दिया था। एक दिन वह उस महिला से मिलने गए और उस महिला ने उन्हें ये कहते हुए रिजेक्ट कर दिया कि उनकी स्किन डार्क है। उसने सुपरस्टार से कहा था कि वह गोरे नहीं है। और किसी ठग की तरह दिखते हैं।
इंटरव्यू देने आई लड़की को दिल दे बैठे थे रजनीकांत

साल 1980 में रजनीकांत बॉलीवुड फिल्म ‘गोलमाल’ की तमिल रीमेक ‘थिल्लू मल्लू’ की शूटिंग कर रहे थे। ये रजनीकांत की पहली कॉमेडी फिल्म थी। इसी फिल्म की शूटिंग के दौरान रजनीकांत ने एक इंटरव्यू दिया था। इंटरव्यू का रिक्वेस्ट एक कॉलेज मैगजीन की तरफ से आया था। कॉलेज की तरफ से जिस महिला को इंटरव्यू लेना था वह कोई और नहीं बल्कि लता रंगाचारी थीं। लता उस वक्त सिर्फ 20 साल की थीं। इंटरव्यू के दौरान ही रजनीकांत लता को दिल दे बैठे थे।

जैसे ही इंटरव्यू खत्म हुआ, रजनीकांत ने लता से कहा कि ‘मैं तुम से शादी करना चाहता हूं।’ रजनीकांत का प्रपोजल सुनकर लता हैरान हो गई थीं। हालांकि लता ने मुस्कुराते हुए कहा था कि रजनीकंत को पहले उनके माता-पिता से बात करनी होगी। हालांकि रिपोर्ट के मुताबिक रजनीकांत को इस बात का भी डर था कि लता को वह पसंद आए या नहीं। हालांकि, दोनों के माता-पिता शादी के लिए राजी हो गए। इसके बाद रजनीकांत और लता 26 फरवरी 1981 को शादी के बंधन में बंध गए।





