Tiger vs Pathan: YRF स्पाई यूनिवर्स की फिल्मों का लोग बेहद बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. हाल ही में टाइगर 3 की रिलीजिंग के बाद टाइगर वर्सेज पठान की चर्चा जोरों पर हैं. वहीं फिल्म के 2025 में फ्लोर पर आने की उम्मीद जताई जा रही है. मगर अब टाइगर और पठान की टक्कर देखने के लिए फैंस को थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है. खबरों की मानें तो Tiger vs Pathan पर काम शुरू करने से पहले आदित्य चोपड़ा एक बड़े धमाके की तैयारी कर रहे हैं.
टाइगर और पठान की दुश्मनी की शुरुआत
खबरों की मानें तो, आदित्य चोपड़ा टाइगर और पठान को पर्दे पर भिड़ाने से पहले इसकी पृष्ठभूमि तैयार करना चाहते हैं. जाहिर है, सबके मन में एक ही सवाल है कि, आखिर ऐसी कौन सी वजह होगी. जिसके चलते टाइगर और पठान आमने-सामने आएंगे. आदित्य चोपड़ा इसी सवाल के ईर्द-गिर्द एक नए प्रोजक्ट पर काम करने की योजना बना रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, YRF स्पाई यूनिवर्स दुनिया भर के दर्शकों के लिए एक बड़ा आकर्षण बन गया है, जैसा कि इस फ्रेंचाइजी के बॉक्स ऑफिस नतीजों में देखा गया है. आदित्य को इस बात का एहसास है कि इस जासूसी दुनिया की हर फिल्म से इस समय बहुत ज्यादा उम्मीदें हैं और वह टाइमलाइन में एक नया मोड़ जोड़ रहे हैं.’

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि,’आदित्य एक ऐसी फिल्म के साथ भारत के दो सबसे बड़े सिनेमाई आइकन शाहरुख खान और सलमान खान का मेगा क्लैश स्थापित करना चाहते हैं, जो टाइगर बनाम पठान में हिंसक टकराव का अग्रदूत होगा. वह एक ऐसी फिल्म बनाएंगे जो अंतिम प्रदर्शन से पहले YRF स्पाई यूनिवर्स को आपस में जोड़ेगी.’
YRF स्पाई यूनिवर्स का कनेक्शन
बता दें कि, 2012 में YRF स्पाई यूनिवर्स की पहली फिल्म एक था टाइगर रिलीज हुई थी. जिसके बाद 2017 में टाइगर जिंदा है ने बड़े पर्दे पर दस्तक दी. वहीं इसके बाद ऋतिक रोशन की वॉर 2019 में रिलीज हुई. ऐसे में 2023 में रिलीज हुई शाहरुख खान की फिल्म पठान ने YRF ने जासूसों की जुगलबंदी दिखानी शुरू कर दी. जहां पठान में सलमान खान की एंट्री देखने को मिली. तो वहीं 2023 के आखिर में रिलीज हुई टाइगर 3 में भी पठान ने धमाकेदार वापसी की. ऐसे में पांच सफल फिल्मों के बाद देखना दिलचस्प होगा कि, YRF स्पाई यूनिवर्स से अब किस फिल्म का नाम जुड़ता है.





