22 Years of Kabhi Khushi Kabhi Gham: बॉक्स ऑफिस की एवरग्रीन फिल्मों में शुमार कभी खुशी कभी गम को रिलीज हुए 22 साल (22 Years of Kabhi Khushi Kabhi Gham) पूरे हो चुके हैं. बी-टाउन सितारों से भरपूर इस फिल्म में अमिताभ बच्चन से लेकर जया बच्चन, शाहरुख खान, काजोल, ऋतिक रोशन, करीना कपूर और जॉनी लिवर जैसे कई बड़े स्टार्स लीड रोल में नजर आए थे. वहीं फिल्म में रानी मुखर्जी का कैमियो भी मौजूद था. फिल्म ने बड़े पर्दे पर कमाई के सारे रिकॉर्ड्स तोड़ दिए थे. वहीं लोग आज भी इस फिल्म के दीवाने हैं. फिल्म के गानों को दर्शकों का काफी प्यार मिलता है. ऐसे में 22 साल पूरे होने की खुशी में काजोल और करण जौहर ने फैंस के साथ मजेदार किस्सा शेयर किया है.

काजोल ने साझा की यादें
K3G में शाहरुख खान के अपोसिट लीड रोल निभाने वाली काजोल ने फिल्म से जुड़ा एक मजेदार किस्सा शेयर किया है. काजोल ने फिल्म से जुड़ा एक वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा कि, “#k3g को 22 साल हो गए…एक और संक्षिप्त नाम लेकिन हाँ एक और लंबे समय तक चलने वाली यादें !!! यश अंकल ने वास्तव में केवल इस फिल्म की शूटिंग के लिए फिल्मिस्तान स्टूडियो में स्थायी रूप से नए मेकअप रूम बनाए क्योंकि वैनिटी वैन इतने सारे स्टार्स के लिए पर्याप्त नहीं थी! @karanjohar पहले कुछ दिनों में डिहाईड्रेशन के कारण सेट पर गिर गए और बेहोश हो गए … वहां सचमुच बहुत गर्मी थी! और यह @___aryan___ का भी फिल्म इंडस्ट्री में पहला डेब्यू था..! मुझे लगता है कि यह मेरी पहली वापसी थी (हालांकि इसके बारे में निश्चित नहीं कह सकती क्योंकि पहले भी मेरी कई बार वापसी हुई है). फिल्म की शूटिंग के दौरान पहली और एकमात्र बार जब मैं पिरामिडों के सामने खड़ी हुई और वास्तव में उन्हें अपनी आत्मा से महसूस किया था.. तो हाँ जीवन और सिनेमा के हर रुप में ये वास्तव में बहुत बड़ी फिल्म थी.”
View this post on Instagram
करण ने शेयर किया पोस्ट
फिल्म के 22 साल पूरे होने की खुशी में करण जौहर ने भी दिल को छू जाने वाली पोस्ट साझा की है. करण जौहर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि, “मेरा सालभर का रिमाइंडर, यह सब आपके परिवार को प्यार करने के बारे में है और मेरे दर्शक जिन्होंने 22 साल बाद भी #K3G को जीवित रखा है. इस यात्रा को सबसे यादगार बनाने के लिए शानदार और उदार कलाकारों – अमित जी, जया जी, शाहरुख भाई, काजोल, डुग्गू, बेबो, बाकी कलाकारों और क्रू के अन्य सभी विशेष लोगों का सदैव आभारी हूँ! आज और हमेशा धन्यवाद”

कंगाली की कगार पर थे करण जौहर
कुछ महीनों पहले K3G के निर्देशक करण जौहर ने एक चौंकाने वाला किस्सा शेयर किया था. करण ने बताया कि अगर ये फिल्म फ्लॉप हो जाती तो वो पूरी तरह से कंगाल हो सकते थे. क्योंकि उन्होंने अपना सारा पैसा इस फिल्म में लगा दिया था. करण ने बताया कि, “मैंने अनिल थडानी को फोन किया. वो एक बड़े वितरक निर्माता और प्रदर्शक थे. मैंने उन्हें फोन किया, और उन्होंने कहा, ‘करण क्या तुम पागल हो गए हो? यह ईद से पहले का समय है, बस सोमवार का इंतजार करो.’ सोमवार को उन्होंने कहा कि, अगर दूसरे सप्ताह में फिल्म ने अच्छा प्रदर्शन किया तो इसका मतलब है कि आपको मुनाफा हो सकता है. मैं एक मंदिर में गया. मेरे दिमाग में बहुत कुछ चल रहा था. मैं सोच रहा था कि अगर फिल्म फ्लॉप हो गई तो मैं क्या करूंगा? क्योंकि मेरे पिता (यश जौहर) ने मुझसे कहा कि अगर यह फिल्म फ्लॉप हो गई, तो हमें अपने पुराने घर में वापस जाना होगा क्योंकि हमने अपना सारा पैसा इस फिल्म में लगा दिया है, जो भी हमने कुछ कुछ होता है से कमाया था. “





