Ajay Devgan in 2024: अजय देवगन 2024 को ब्लॉकबस्टर बनाने के लिए पूरी कोशिश में जुटे हुए हैं। इस साल उनकी पांच फिल्में दर्शकों का मनोरंजन करती नजर आएंगी। पिछले साल उनकी केवल एक फिल्म ‘भोला’ रिलीज हुई थी। लेकिन उनकी इस साल केवल 50 दिनों के भीतर ही तीन फिल्में सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली हैं।
अजय की इस साल की पहली फिल्म विकास बहल द्वारा निर्देशित शैतान होगी। इसमें उनके साथ ज्योतिका और आर माधवन भी नजर आनेे वाले हैं। इसे आठ मार्च को इसे रिलीज किया जा सकता है। इसके बाद उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म मैदान आएगी, जिसका निर्देशन अमित रविंदरनाथ शर्मा ने किया है। अप्रैल माह में उनकी फिल्म औरों में कहां दम था की रिलीज डेट तय की गई है। फिल्म का निर्देशन नीरज पांडे ने किया है।

फिल्म में अजय ने सैयद अब्दुल रहीम की भूमिका निभाई है। “मैदान” अप्रैल के दूसरे सप्ताह में ईद पर दुनियाभर में रिलीज होने वाली है। हाल ही में इसका एलान किया गया था। वहीं, उनकी फिल्म सिंघम अगेन स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रिलीज होने वाली है।

यह रोहित शेट्टी की एक्शन एंटरटेनर फिल्म है, जिसमें अक्षय कुमार, रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण, करीना कपूर खान, टाइगर श्रॉफ और अर्जुन कपूर जैसे स्टार कलाकार भी शामिल हैं। सिंघम के बाद अजय सुपरहिट फिल्म रेड के सीक्वल में भी नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है और इसके 15 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने की उम्मीद है।

राज कुमार गुप्ता के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में वाणी कपूर और रितेश देशमुख भी अहम किरदार निभाते दिखेंगे। इस तरह अजय इस साल कुल पांच फिल्मों से दर्शकों का मनोरंजन करते नजर आएंगे। हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब एक साल में उनकी इतनी सारी फिल्में रिलीज हो रही हैं। इससे पहले 1993 और 2006 में उनकी आठ फिल्में आई थीं। वहीं, 2003 में उनकी सात फिल्में रिलीज हुई थीं।





