‘द पैराडाइज’ की धमाकेदार ओपनिंग, ‘हनुमान अंश’ को दी कड़ी टक्कर; नानी की फिल्म ने पहले दिन छापे इतने करोड़
साउथ सुपरस्टार नानी की मच अवेटेड फिल्म ‘द पैराडाइज’ ने 24 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देते ही बॉक्स ऑफिस पर हलचल मचा दी है। श्रीकांत ओडेला के निर्देशन में बनी इस एक्शन-ड्रामा को रिलीज से पहले ही जबरदस्त एडवांस बुकिंग मिली थी। फिल्म की शुरुआती कमाई ने साफ कर दिया है कि नानी की इस फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह था।
पहले दिन इतने करोड़ का कलेक्शन
सैकनिल्क के लाइव आंकड़ों के मुताबिक, ‘द पैराडाइज’ ने पहले दिन अब तक करीब ₹27.94 करोड़ इंडिया नेट कमा लिए हैं। फिल्म का इंडिया ग्रॉस कलेक्शन लगभग ₹32.97 करोड़ बताया जा रहा है। हालांकि ये आंकड़े लाइव हैं और दिन खत्म होने तक इनमें बदलाव संभव है।
फिल्म की कमाई में तेलुगु वर्जन का सबसे बड़ा योगदान रहा है। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार तेलुगु में फिल्म ने करीब ₹25.10 करोड़, हिंदी में ₹1.82 करोड़ और तमिल में ₹1.02 करोड़ का कारोबार किया है।
‘हनुमान अंश’ से सीधी टक्कर
‘द पैराडाइज’ ऐसे समय रिलीज हुई है, जब ‘हनुमान अंश’ सातवें हफ्ते में भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए है। रिपोर्ट के मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ ने 49वें दिन तक करीब ₹287.60 करोड़ का कुल इंडिया नेट कलेक्शन कर लिया था।
वहीं, ‘द पैराडाइज’ की मजबूत शुरुआत ने बॉक्स ऑफिस मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। नानी की फिल्म ने रिलीज के पहले ही दिन अपनी पिछली फिल्म ‘दसरा’ की ओपनिंग को पीछे छोड़ दिया है। ‘दसरा’ ने भारत में पहले दिन ₹23.20 करोड़ नेट कमाए थे।
नानी की सबसे बड़ी ओपनिंग
‘द पैराडाइज’ को नानी के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग भी बताया जा रहा है। फिल्म में नानी के साथ राघव जुयाल, कायदू लोहारी और मोहन बाबू अहम भूमिकाओं में हैं। एडवांस बुकिंग और पहले दिन के आंकड़ों को देखते हुए अब नजर वीकेंड की कमाई पर है।






