ऑस्कर विनर सिंगर और म्यूजिक कंपोजर एआर रहमान (AR Rahman) किसी अलग पहचान की मोहताज नहीं हैं। उन्होंने अपनी शानदार आवाज और मेहनत के दम पर इंडस्ट्री में बड़ा मुकाम हासिल किया है। अपनी कमाल की गायकी के लिए मशहूर रहमान हाल ही में चर्चा में आ गए हैं। दरअसल, हाल ही में यह खबर सामने आई है कि पुणे में पुलिस ने रहमान के कॉन्सर्ट को बीच में आकर बंद करा दिया और साथ ही पुलिस ने सिंगर को स्टेज पर गाने से रोक दिया है।

सोशल मीडिया पर इस कॉन्सर्ट का वीडियो भी काफी वायरल हो रहा है, जिसमें कॉन्सर्ट के बीच पुणे पुलिस ऑफिसर इसे बंद करने का निर्देश देते नजर आ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, 30 अप्रैल को पुणे के राजा बहादुर मिल इलाके में एआर रहमान का लाइव कॉन्सर्ट था। उनके कॉन्सर्ट में भारी तादाद में लोग शामिल हुए थे। सभी लोग रहमान की जादुई आवाज का भरपूर मजा ले रहे थे। इसी बीच अचानक से पुणे पुलिस कॉन्सर्ट में पहुँच गई और उन्होंने एआर रहमान के इस लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट को बीच में ही रुकवा दिया।
A R Rahman यांचा कार्यक्रम पुणे पोलिसांनी केला बंद | Pune Police Take Action On A R Rahman Program#arrahman #arrahmanprogram #arrahmanmusic #music #punepolice pic.twitter.com/moh3UemwK3
— ZEE २४ तास (@zee24taasnews) May 1, 2023
दरअसल, पुणे के राजा बहादुर मिल इलाके में 10 बजे के बाद कॉन्सर्ट करने की इजाजत नहीं थी। रहमान का लाइव कॉन्सर्ट शो रात के 8 बजे से 10 बजे तक था। लेकिन ये कॉन्सर्ट समय सीमा से अधिक चलने लगा तो पुलिस वहां पहुँच गई। वीडियो में देखा जा सकता है रहमान शो का आखिरी गाना गा रहे हैं, लेकिन पुलिस ने बीच में आकर उनके गाने को रोक दिया है। पुलिस निरीक्षक खुद स्टेज पर चढ़ गए और उन्होंने रहमान को शो रोकने का इशारा किया। रहमान ने भी पुलिस की बात शांति से मानी और कार्यक्रम को खत्म करते हुए बैक स्टेज चले गए।

एआर रहमान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस लाइव कॉन्सर्ट की कुछ तस्वीरें भी शेयर की हैं। उन्होंने कैप्शन में लिखा है- ‘कल रात मिले आप सभी के प्यार और उत्साह के लिए धन्यवाद। बहुत शानदार कॉन्सर्ट था। इसमें कोई शक नहीं है कि पुणे शास्त्रीय संगीत का घर है। मैं आप सभी के लिए एक बार फिर गाने जरूर आऊंगा।’





