फिल्म इंडस्ट्री के किंग खान शाहरुख़ (Shahrukh Kham) और उनकी पत्नी गौरी खान बॉलीवुड के पॉपुलर कपल्स में से एक हैं। शादी के तीन दशक बाद भी दोनों का प्यार एक-दूसरे के लिए बढ़ता ही जा रहा है। दोनों आए दिन किसी ना किसी वजह से सोशल मीडिया पर चर्चा में बने रहते हैं। हालांकि, इन दिनों शाहरुख खान और गौरी खान अपनी एक हनीमून की तस्वीर की वजह से सुर्ख़ियों में छाए हुए हैं।

दरअसल इस समय सोशल मीडिया पर शाहरुख खान और गौरी खान की एक हनीमून की तस्वीर वायरल हो रही है और इसके पीछे की प्यारी कहानी जानकर आप हैरान रह जाएंगे। इस तस्वीर की खास बात यह है कि राजू बन गया जेंटलमैन की शूटिंग के दौरान यह तस्वीर ली गई है, जो एक तरह से गौरी खान और शाहरुख खान का हनीमून भी था।
बता दें शाहरुख ने अपने करियर के शुरूआत में ही गौरी खान से शादी कर ली थी। उस समय किंग खान फिल्म ‘राजू बन गया जेंटलमैन’ की शूटिंग कर रहे थे। जब शाहरुख़ ने गौरी से शादी की थी, तब उनके पास कुछ ज्यादा पैसे नहीं थे और गौरी अमीर थीं। शाहरुख़ ने गौरी से वादा किया था कि, वो शादी के बाद गौरी को हनीमून पर पैरिस ले जाएंगे, एफिल टॉवर दिखाएंगे। लेकिन पैसों की तंगी के कारण शाहरुख़ कुछ नहीं कर पाए। फिर शाहरुख़ गौरी को पेरिस के बहाने दार्जिलिंग ले गए। दरअसल उस फुलम शाहरुख की फिल्म ‘राजू बन गया जेंटलमैन’ का गाना दार्जिलिंग में शूट हो रहा था। तो वह गौरी को भी अपने संग ले गए और वहां पहुंचकर उनसे कहा यह हमारा हनीमून है।

शाहरुख खान संग कई फिल्मों में काम कर चुके बॉलीवुड एक्टर विवेक वासवानी ने हाल ही में अपने ट्विटर हैंडल पर शाहरुख और गौरी की एक तस्वीर शेयर की है, जो दार्जलिंग की है। इस तस्वीर के साथ विवेक ने कैप्शन में लिखा है- “राजू बन गया जेंटलमैन के पहले गाने की शूटिंग के दौरान दार्जिलिंग में हनीमून मनाया जा रहा था। हम दिल्ली गए, उन्होंने शादी की और हम सीधे दार्जिलिंग आ गए… दुल्हन के साथ।”

गौरतलब है कि शाहरुख खान और गौरी खान ने 25 अक्टूबर 1992 को शादी की थी। उस वक्त ही उनकी फिल्म ‘राजू बन गया जेंटलमैन’ की शूटिंग चल रही थी। इस फिल्म में शाहरुख़ खान के साथ अमृता सिंह और जूही चावला लीड रोल में थे।





