बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान (Salman Khan) इन दिनों अपने एक इंटरव्यू के कारण चर्चा में बने हुए हैं। हाल ही में सलमान खान रजत शर्मा के शो आप की अदालत में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अपने जीवन से संबंधित कई मुद्दों पर चर्चा की। इस शो में सलमान ने एक हैरान कर देने वाला खुलासा किया है।

रजत शर्मा के शो में सलमान खान से कई सवाल किए गए थे। लेकिन इन सभी सवालों में से एक सवाल ऐसा भी था, जिसका सलमान के मुंह से जवाब सुनकर सभी हैरान रह गए। दरअसल, सलमान खान से कहा गया कि, करण जौहर बिना शादी के ही पिता बन चुके हैं। इस पर सलमान खान ने कहा, ‘जी हां, मैं भी यही करने का प्रयास कर रहा था, लेकिन तभी कानून बदल गया।’
शो में सलमान ने बताया कि, ‘वो बच्चों से बहुत प्यार करते हैं और उन्होंने एक बार बच्चा पैदा करने के बारे में सोचा भी था, लेकिन इंडिया में यह पॉसिबल नहीं है।’ सलमान ने कहा, ‘मुझे बच्चों का बड़ा शौक है। उनसे बहुत प्यार है, लेकिन बच्चे जब आते हैं तो मां भी आती है। मां उनके लिए बहुत अच्छी होती है। वैसे तो हमारे घर में मां ही मां हैं। हमारे पास पूरा जिला है, पूरा गांव है। वो सब बच्चे का ख्याल रख लेंगे। लेकिन मेरे बच्चे की असली मां भी मेरी पत्नी होगी।’

सलमान ने आगे कहा कि, ‘मेरे ऊपर बहुत प्रेशर आ रहा है। अब तो मेरे माता-पिता भी मुझे शादी और बच्चे के लिए बोलने लगे हैं। 57 साल का हो गया हूं, अब तो ये है कि जो भी हो सिर्फ एक हो और आखिरी होनी चाहिए, जो बीवी बने। ऊपर वाला चाहेगा तभी ऐसा होगा। पहले कभी मैंने हां किया तो दूसरे ने न किया। कभी इसका उल्टा भी हुआ, लेकिन अब दोनों साइड से न आ रहा है। जब हां हो जाएगी, तब शादी भी हो जाएगी।’
गौरतलब है कि सलमान खान अब तक कई एक्ट्रेसेस को डेट कर चुके हैं, लेकिन उनमें से किसी के भी साथ उनका रिश्ता ज्यादा दिन नहीं चल पाया। सलमान के साथ अगर किसी लड़की की सबसे ज्यादा चर्चा हुई, तो वो हैं ऐश्वर्या राय। दोनों साल 1997 में आई फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ में नजर आए थे। सेट पर वह एक-दूसरे से प्यार कर बैठे। इसके अलावा सलमान का नाम संगीता बिजलानी, सोमी अली, यूलिया वंतूर और कैटरीना कैफ के साथ भी जुड़ चुका है।





