‘रामायण’ की एडवांस बुकिंग पर आया बड़ा अपडेट, 20 अक्टूबर से शुरू होगी टिकटों की बिक्री
रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। करीब 4000 करोड़ रुपये के बजट वाली इस मेगा फिल्म की भारत में एडवांस बुकिंग की तारीख सामने आ गई है। मेकर्स के मुताबिक, फिल्म के टिकटों की बिक्री 20 अक्टूबर 2026 को दशहरे के शुभ अवसर पर देशभर में शुरू होगी। दर्शक प्रमुख टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म्स के जरिए अपनी सीटें बुक कर सकेंगे।
फिल्म की रिलीज डेट भी कन्फर्म हो चुकी है। ‘रामायण: पार्ट 1’ दुनियाभर के सिनेमाघरों में 5 नवंबर 2026 को रिलीज होगी। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर मोशन पोस्टर साझा कर एडवांस बुकिंग और रिलीज से जुड़ी जानकारी दी है। फिल्म को IMAX समेत कई प्रीमियम फॉर्मेट में रिलीज करने की तैयारी है।

पांच भाषाओं में रिलीज होगी फिल्म
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। इसके अलावा सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण का किरदार निभाते दिखाई देंगे। फिल्म की कहानी भारतीय महाकाव्य रामायण पर आधारित है, जिसे बड़े सिनेमाई स्तर पर पेश करने की तैयारी की गई है।
‘रामायण’ हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के साथ मिलकर किया है। इसके संगीत की जिम्मेदारी मशहूर संगीतकार ए.आर. रहमान और हंस जिमर ने संभाली है।
दूसरे पार्ट का भी है इंतजार

‘रामायण’ को दो भागों में बनाने की योजना है। जहां पहला पार्ट 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में आएगा, वहीं दूसरा पार्ट दिवाली 2027 के दौरान रिलीज होने वाला है। फिल्म के विशाल बजट, दमदार स्टारकास्ट और भव्य विजुअल्स को लेकर पहले से ही काफी चर्चा है। अब 20 अक्टूबर से शुरू होने वाली एडवांस बुकिंग पर सबकी नजरें रहेंगी। टिकटों की बिक्री शुरू होते ही शुरुआती दर्शक प्रतिक्रिया और बुकिंग के आंकड़े फिल्म की ओपनिंग को लेकर अहम संकेत दे सकते हैं।






