बॉलीवुड की ‘पंगा गर्ल’ यानी कंगना रनौत अक्सर ही अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में बनी रहती हैं। वह आए दिन किसी न किसी विवादों से घिरी रहती हैं। कंगना को कई बार धमकी भी मिल चुकी है, लेकिन फिर भी वह डरी नहीं बल्कि बेबाक आगे बढ़ती रहीं। इंडस्ट्री में ऐसे कम लोग हैं जो उन्हे इस बेबाकी के लिए सरहाते हैं। हाल ही में एक्टर आर माधवन ने कंगना की खुलकर तारीफ़ की है।
हाल ही में हुए एक इंटरव्यू के दौरान माधवन ने भी कंगना की तारीफों के पुल बांध दिए हैं। उन्होंने अपनी जीवन की कई मजबूत महिलाओं का जिक्र किया जिसमें से एक कंगना भी नाम लिया। आर माधवन ने रोहन दुआ के साथ बातचीत के दौरान अपने जीवन में आने वाली मजबूत महिलाओं के बारे में बातचीत की। आर माधवन ने बताया कि, ‘मेरी फिल्मों में काम कर चुकीं सभी महिलाएं मजबूत रही हैं। मेरे घर में मेरी मां काफी सशक्त महिला हैं जिनके साथ रहने का मुझे सौभाग्य मिला है। मेरी मां बिहार की एक बैंक में 30 साल तक मैनेजर थीं। तो आप देख सकते हैं कि महिलाएं कितनी मजबूत होती हैं।’

माधवन ने आगे कहा, ‘कंगना रनौत या शालिनी, इन जैसी मजबूत महिलाओं के साथ काम करने की खुशकिस्मती के बारे में बात करूं तो इन सभी महिलाओं का अपना एक ओपिनियन है। आप इन पर जोर नहीं चला सकते। ये सशक्त महिलाएं हैं जो अपने तरीके से काम करना पसंद करती हैं। ये वो पारंपरिक एक्ट्रेस नहीं जो आती हैं और कुछ फिल्मों में डांस करती हैं, पुरुषों से थप्पड़ खाती हैं और चली जाती हैं।’ कंगना की तारीफ में आगे आर माधवन ने कहा, ‘वह बेहद स्मार्ट और हम सभी के लिए महत्वपूर्ण हैं। वह असल में एक असाधारण अभिनेत्री हैं और देखिए कि वह आज सभी तरह की फिल्मों में क्या कर रही हैं।’
बता दें आर माधवन ने अभिनेत्री कंगना रनौत के साथ 2 फिल्मों में काम किया है, जिसमें 2011 में आई ‘तनु वेड्स मनु’ और 2015 में आया इसका सीक्वल ‘तनु वेड्स मनु रिटर्न्स’ शामिल है। पिछले साल ही आर माधवन की फिल्म ‘रॉकेट्री’ रिलीज हुई थी, जिसे फैंस ने खूब पसंद किया था।





