काजी तौकीर के 20 साल के संघर्ष की कहानी, पत्नी को बताया ‘असली रॉकस्टार’, अरिजीत सिंह संग बड़ा प्लान!
सिंगिंग रियलिटी शो ‘फेम गुरुकुल’ से रातोंरात पहचान बनाने वाले काजी तौकीर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। साल 2005 में शो जीतकर दर्शकों के दिलों में जगह बनाने वाले काजी अब ‘बिग बॉस 20’ में अपने अनोखे अंदाज, मजाकिया स्वभाव और गायिकी से लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। लेकिन उनकी जिंदगी की कहानी सिर्फ शोहरत तक सीमित नहीं है। इसके पीछे करीब दो दशक का संघर्ष, अधूरे सपने और लगातार आगे बढ़ने का जज्बा छिपा है।
20 साल के संघर्ष में परिवार बना सबसे बड़ा सहारा
काजी तौकीर के परिवार ने हाल ही में उनके सफर से जुड़े कई अनसुने किस्से साझा किए। उनके चाचा के मुताबिक, काजी बचपन से ही खुशमिजाज रहे हैं और दूसरों को हंसाना पसंद करते हैं। असल जिंदगी में भी उनका स्वभाव वैसा ही है, जैसा दर्शकों को रियलिटी शो में दिखाई देता है। परिवार ने बताया कि काजी ने ‘फेम गुरुकुल’ जीतने के बाद विदेशों में भी कई लाइव शोज किए और अपने काम से लगातार जुड़े रहे।
काजी के भाई तौसीफ ने बताया कि अभिनेता बनने का सपना देखने वाले काजी के कुछ प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में चले गए थे। इस वजह से उनके करियर में कुछ साल भी प्रभावित हुए। हालांकि, उन्होंने उम्मीद नहीं छोड़ी और अपनी मेहनत जारी रखी।
पत्नी को बताया परिवार की ‘असली रॉकस्टार’
काजी की जिंदगी में उनकी पत्नी इफ्सा का खास स्थान है। उनके भाई ने उन्हें परिवार की ‘असली रॉकस्टार’ बताते हुए कहा कि वह मुश्किल समय में काजी की सबसे बड़ी ताकत बनकर खड़ी रहीं। परिवार को गर्व है कि काजी अपनी अलग पहचान के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
अरिजीत सिंह के साथ बनेगी नई जोड़ी?
काजी और अरिजीत सिंह की दोस्ती ‘फेम गुरुकुल’ के दिनों से है। दोनों के बीच आज भी गहरा रिश्ता है। काजी के भाई के मुताबिक, दोनों एक बड़े प्रोजेक्ट पर काम करने की योजना बना रहे हैं। शुरुआती काम हुआ है, लेकिन असली काम अभी बाकी है। परिवार को उम्मीद है कि यह सहयोग खास होगा।
काजी की ‘बिग बॉस 20’ में वापसी ने उनके पुराने प्रशंसकों को फिर से उनसे जोड़ दिया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि यह नया दौर उनके करियर को किस दिशा में ले जाता है।






