Katrina Kaif ने अपने करियर में Salman Khan और Akshay Kumar के साथ सबसे ज्यादा फिल्में की हैं. उन्होंने हाल ही में इन दोनों एक्टर्स के बीच का बड़ा अंतर बताया.
Katrina Kaif On working With Salman Khan and Akshay Kumar: Katrina Kaif के करियर की अधिकतर हिट फिल्में Akshay Kumar और Salman Khan के साथ रही हैं. कटरीना ने सलमान और अक्षय के साथ सात-सात फिल्मों में काम किया. इसमें ‘नमस्ते लंडन’, ‘सिंह इज़ किंग’ और ‘टाइगर’ फ्रैंचाइज़ जैसे नाम शामिल हैं. कटरीना ने हाल ही में अपने इन दोनों को-स्टार्स पर बात की. इनके बीच का बड़ा फर्क बताया. उन्होंने बताया कि सलमान के साथ लेट नाइट शूट होते हैं. जबकि अक्षय के साथ शूटिंग सुबह-सुबह शुरू हो जाती है.

मिड डे के साथ बात करते हुए कटरीना कैफ ने अक्षय कुमार और सलमान खान के साथ शूटिंग एक्सपीरियंस पर बात की. कटरीना कहती हैं-
‘दोनों के साथ दिन और रात का अंतर है. अक्षय कुमार एक मॉर्निंग पर्सन हैं और उनके साथ ज्यादा शूट दिन में होता है. कई बार मुझे सेट पर कॉल-टाइम लेट करने के लिए रिक्वेस्ट करना पड़ता है. सलमान के साथ एकदम इसका उल्टा है. मुझे सलमान से कई बार कहना पड़ता है- ‘प्लीज जल्दी आ जाओ न.’ इसके अलावा भी दोनों एकदम अलग इंसान हैं. सलमान हमेशा फिल्म को बड़े स्तर पर देखते हैं न कि सिर्फ बतौर सीन. जबकि अक्षय के साथ सीन्स में अक्सर बदलाव होता है.’
कटरीना आगे कहती हैं-
‘ बाकी मेरा ध्यान इस पर नहीं रहता है कि मेरे को-एक्टर क्या कर रहे हैं. मैं शूटिंग सेट पर तैयार होकर पहुंचती हूं. ये मैं खुद के लिए करती हूं. इसके बाद मेरे डायरेक्टर और एक्टर के साथ उसे बेहतर बनाती हूं.’
साल 2003 में आई ‘बूम’ कटरीना की पहली फिल्म थी. हालांकि साल 2005 में आई ‘मैंने प्यार क्यों किया?’ उनकी पहली मेजर हिंदी फिल्म थी. वहां कटरीना के साथ सलमान खान थे. इसके बाद सलमान और कटरीना ने साथ में ‘पार्टनर’, ‘युवराज’, ‘एक था टाइगर’, ‘टाइगर ज़िंदा है’, ‘भारत’ और ‘टाइगर 3’ में काम किया. इन सात फिल्मों में से बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ ‘युवराज’ फ्लॉप हुई थी. वहीं 2008 में रिलीज़ हुई फिल्म ‘हैलो’ में कटरीना ने कैमियो किया था.

वहीं अक्षय कुमार और कटरीना कैफ की जोड़ी पहली बार साल 2006 में आई फिल्म ‘हमको दीवाना कर गए’ में बनी थी. इसके बाद ये दोनों ‘नमस्ते लंडन’, ‘वेलकम’, ‘सिंह इज़ किंग’, ‘दे दना दन’, ‘तीस मार खां’ और ‘सूर्यवंशी’ में दिखे. 2009 में कटरीना ने अक्षय की फिल्म ‘ब्लू’ में कैमियो किया था.
कटरीना कैफ की पिछली फिल्म ‘मेरी क्रिसमस’ थी. फिल्म के डायरेक्टर श्रीराम राघवन थे. विजय सेतुपति के साथ कटरीना कैफ की ये पहली फिल्म थी. कटरीना कैफ की अपकमिंग फिल्मों के बारे में कोई ऑफिशियल कंफर्मेशन नहीं है. हालांकि उनके खाते में फरहान और ज़ोया अख्तर की फिल्म ‘जी ले ज़रा’ है. लेकिन इसे लेकर लंबे वक्त से कोई पुख्ता अपडेट नहीं आया है. कुछ दिन पहले ज़ोया अख्तर ने एक इंटरव्यू में कहा था कि तीनों स्टार्स की डेट मैच नहीं कर पा रही हैं. बता दें कि इस फिल्म को कटरीना कैफ, प्रियंका चोपड़ा और आलिया भट्ट के साथ अनाउंस किया गया था.





