बॉलीवुड के जाने-माने स्टार सलमान खान (Salman Khan) अभी हाल फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ (Kisi Ka Bhai Kisi Ki Jaan) में नजर आए थे। सलमान खान इस फिल्म को लेकर तो चर्चा में बने ही हुए हैं और साथ ही वह अपने एक इंटरव्यू को लेकर भी सुर्ख़ियों में छाए हुए हैं। पिछले काफी समय से काला हिरण शिकार मामले में सलमान खान को लॉरेन्स बिश्नोई गैंग द्वारा जान से मारने की धमकी मिल रही है। इसे लेकर सलमान डरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि, ‘वो UAE में सब सेफ है, इंडिया के अंदर थोड़ा सा प्रॉब्लम है।’ अब सलमान के बयान पर एक्ट्रेस कंगना रनौत का बयान सामने आया है।

कंगना रनौत अपने बेबाक बयानों के लिए जानी जाती हैं। वह हर बड़े मुद्दे पर अपनी राय रखती हैं। ऐसे में सलमान के बयान पर कंगना ने कहा कि, ‘हम एक्टर हैं। सलमान खान को केंद्र सरकार ने सुरक्षा मुहैया कराई है। उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से सुरक्षा मिल रही है। तो डरने की कोई बात नहीं है। मुझे भी धमकी दी गई थी, जिसके बाद सरकार ने मुझे भी सिक्योरिटी दी थी। आज देश सुरक्षित हाथों में है, हमें चिंता करने की कोई बात नहीं है।’

दरअसल, सलमान खान ने अपने एक लेटेस्ट इंटरव्यू में उन्हें मिल रही जान से मारने की धमकियों और सुरक्षा पर बात की। सलमान ने कहा था कि, ‘सुरक्षा, असुरक्षा से बेहतर है। अब सड़क पर साइकिल चलाकर अकेले कहीं जाना भी मुमकिन नहीं है।’ सलमान ने आगे कहा, ‘इन सब से भी अधिक अब मुझे ये दिक्कत है कि जब मैं ट्रैफिक में होता हूं तो वहां बहुत ज्यादा सिक्योरिटी होती है। सुरक्षा गार्डों की गाड़ियों के कारण आम लोगों को दिक्कत होती है। वो लोग मुझे लुक भी देते हैं। पर मेरे प्यारे फैन्स, बहुत गंभीर खतरा है, इसलिए सिक्योरिटी दी गई है।’

सलमान ने दुबई में आयोजित एक इंटरव्यू में भी कहा था कि, ‘उनको धमकियों का कोई डर नहीं है और वह यूएई में पूरी तरह सुरक्षित हैं। भारत में समस्या है।’ उन्होंने यह भी कहा कि, ‘उनको जो कुछ भी करने के लिए कहा गया है वह कर रहे हैं और इन सब बातों को लेकर वह बहुत सावधान हैं।’





