बॉक्स ऑफिस पर सोमवार का दिन अक्सर फिल्मों के लिए मुश्किल माना जाता है, लेकिन ‘Hanuman Ansh’ ने इस ट्रेंड को ही पलट दिया। 31 अगस्त यानी चौथे सोमवार को महज करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने यश की बड़े बजट वाली ‘Toxic’ को हिंदी मार्केट में पीछे छोड़ दिया। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ ने 25वें दिन हिंदी में करीब 5.50 करोड़ रुपये कमाए, जबकि ‘Toxic’ ने अपने छठे दिन हिंदी में लगभग 4.40 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।
Sacnilk के शुरुआती ट्रेंड के अनुसार, ‘हनुमान अंश’ का 25वें दिन इंडिया नेट कलेक्शन करीब 5.15 करोड़ रुपये रहा और फिल्म की कुल घरेलू नेट कमाई 45.28 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। इंडिया ग्रॉस कलेक्शन करीब 53.43 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।

वहीं, यश, नयनतारा और कियारा आडवाणी स्टारर ‘Toxic’ ने ओपनिंग डे पर शानदार शुरुआत करते हुए 100 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाए थे, लेकिन पहले सोमवार को इसकी रफ्तार काफी धीमी पड़ गई। शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म ने छठे दिन भारत में करीब 7.45 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया और कुल कमाई 221.55 करोड़ रुपये तक पहुंची।

‘हनुमान अंश’ की असली कहानी हालांकि इसकी कमाई से भी ज्यादा दिलचस्प है। नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित यह फिल्म शुरुआत में बेहद धीमी रही थी, लेकिन दर्शकों की पॉजिटिव प्रतिक्रिया और मजबूत वर्ड ऑफ माउथ ने इसकी किस्मत बदल दी। फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी के मुताबिक, अब इसके शोज लगातार बढ़ रहे हैं।
यानी एक तरफ करोड़ों के बजट और बड़े स्टार की ‘Toxic’ है, तो दूसरी तरफ सीमित बजट की ‘हनुमान अंश’। सोमवार के आंकड़ों ने साबित कर दिया कि मजबूत कंटेंट और दर्शकों का प्यार बॉक्स ऑफिस पर कभी भी बड़ा उलटफेर कर सकता है।






