Honey Singh-Tina Thadani: फेमस सिंगर व रैपर यो यो हनी सिंह अपनी प्रोफेशनल लाइफ के साथ ही निजी जिदंगी को लेकर भी काफी चर्चा में रहते हैं। पिछले कुछ समय से वह अपनी गर्लफ्रेंड टीना थडानी को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। टीना ने उनके साथ नए गाने ‘पेरिस का ट्रिप’ में काम किया है। अब हाल ही में, टीना ने अपने और हनी सिंह के रिलेशन पर खुलकर बात की है।

हनी सिंह को टीना ने बताया ट्रेंडसेटर
दरअसल, ‘ईटाइम्स’ को दिए एक इंटरव्यू में टीना ने हनी के साथ अपने रिश्ते के बारे में बात करते हुए कहा कि उन्होंने पिछले साल अप्रैल में डेटिंग शुरू की थी। टीना ने बताया, ”चीजें हमारे बीच धीरे-धीरे शुरू हुईं। जैसे ही मैं उन्हें जानने लगी, मुझे एहसास हुआ कि हनी बहुत अलग हैं। उनके जैसा इंसान मिलना मुश्किल है। वह बहुत ही करिश्माई और बुद्धिमान हैं। मैं भी उनके काम की मुरीद रही हूं। वह एक ट्रेंडसेटर है और वह सबसे अलग है।”

मैं ट्रोल पर ध्यान नहीं देती- टीना थडानी
टीना ने आगे बताया, “मैंने कभी भी लोगों को उनके अतीत के आधार पर नहीं आंका है। यह मेरे किसी काम का नहीं है। मैंने केवल उनके काम को देखा है और उनके काम की फैंन रही हूं। जब मैं उनसे मिली, तो वह शर्मीले और प्यारे व्यक्ति के रूप में सामने आए। मुझे उनके ‘हनी सिंह’ नाम के अलावा और कुछ नहीं पता था। बाकी, मैं किसी के पिछले जीवन के बारे में बात नहीं करती। मैं ट्रोल्स पर ध्यान नहीं देती और ऑनलाइन लड़ाई मैं नहीं चुनती हूं।”

हनी सिंह ने टीना को कहा था- ‘वह मेरी हैं’
इससे पहले, हनी सिंह ने अपने लेटेस्ट इंटरव्यू में बताया था कि कैसे वह दुबई में दोस्तों के जरिए टीना से मिले थे। उन्होंने कहा था, “मैं पहली बार टीना से तब मिला था, जब हम दुबई में थे। इससे पहले हम केवल बात करते थे और अभी तक व्यक्तिगत रूप से नहीं मिले थे। इसलिए पहली बार जब मैं उनसे दुबई में मिला, तो हम दोनों अपने-अपने दोस्तों के ग्रुप के साथ थे, जिस वजह से हम ज्यादा बात नहीं कर पाए। हम सेट पर मिले और मुझे कुछ अलग महसूस हुआ, जैसे वह मेरी हैं। इसलिए, आखिरकार मुझे उसे रिझाने के लिए बहुत प्रयास करने पड़े और वह इस पर राजी हो गई।”

हनी सिंह पहली पत्नी से ले चुके हैं तलाक
बता दें कि हनी सिंह की शादी पहले शालिनी तलवार से हुई थी। पिछले साल सितंबर में हनी और शालिनी का तलाक हो गया था। उन्होंने कथित तौर पर तलाक के निपटारे के लिए 1 करोड़ रुपए की ऐलिमनि भरी थी। साल 2021 में शालिनी ने हनी सिंह पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया था। उनके आरोपों पर हनी सिंह ने उस समय एक बयान में कहा था कि वह 20 साल की अपनी पत्नी द्वारा उन पर और उनके परिवार पर लगाए गए ‘झूठे और दुर्भावनापूर्ण आरोपों’ से बहुत दुखी हैं।




