Bobby Deol: बॉक्स ऑफिस की ब्लॉक बस्टर फिल्म एनिमल में विलेन का रोल अदा करके बॉबी देओल (Bobby Deol) ने बड़े पर्दे पर शानदार कमबैक किया है. फिल्म में उनके रोल की काफी सराहना की जा रही है. वहीं बॉबी देओल के दोनों बेटे आर्यमान देओल और धरम देओल भी बॉलीवुड में डेब्यू करने को तैयार हैं. हालांकि बड़े पर्दे पर कदम रखने से पहले पिता बॉबी देओल दोनों बेटों को हिन्दी में एक्सपर्ट बनाना चाहते हैं. जिसका खुलासा खुद बॉबी देओल ने अपने एक इंटरव्यू में किया है.

बेटों को दी हिन्दी सीखने की सलाह
हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान बॉबी देओल ने बताया कि, बॉलीवुड में डेब्यू करने से पहले उन्होंने दोनों बेटों को हिन्दी भाषा पर पकड़ मजबूत करने की सलाह दी है. हिन्दी अच्छी हो तो हर कलाकार के लिए अपनी लाइनें याद करना काफी आसान हो जाता है. ऐसे में बॉबी देओल ने कहा कि, ”जैसे मेरे बेटे एक्टर बनना चाहते हैं और मैं उनसे हमेशा कहता हूं कि सबसे पहले अपनी हिन्दी ठीक करो. हिन्दी ठीक से नहीं बोलते क्योंकि आदत नहीं है ना. सब अंग्रेजी बोलते हैं एक-दूसरे से. मुझे लगता है कि, अगर एक बार आपकी लाइन्स पर पकड़ मजबूत हो गई. तो आपको और किसी चीज के बारे में सोचने की जरुरत नहीं है. बस आपको उस कैरेक्टर को महसूस करने की आवश्यकता है.”

बॉबी ने की बड़े बेटे आर्यमान की तारीफ
एक पुराने इंटरव्यू के दौरान बॉबी देओल ने बताया था कि, उनके दोनों बेटे 3-4 साल बाद बड़े पर्दे पर एंट्री कर सकते हैं. इस दौरान बॉबी देओल ने बड़े बेटे आर्यमान की तारीफ करते हुए कहा कि, आर्यमान खुद को प्रशिक्षित करने और कड़ी मेहनत करने में कोई कसर नहीं छोड़ते हैं. वो सिल्वर स्क्रीन पर अपना बेस्ट वर्जन प्रस्तुत करने के लिए उत्साहित हैं. यही नहीं, आर्यमान ने कोरोना काल के दौरान भी फिल्ममेकिंग के बारे में काफी कुछ सीखा है. अब देखना दिलचस्प होगा कि दोनों देओल ब्रदर्स कब सिल्वर स्क्रीन पर एंट्री करते हैं.





