BB20: लव गिल के सपोर्ट में उतरी टीम, 'चरित्र हनन' का लगाया आरोप, स्काउट के पलटवार से बढ़ा विवाद
‘बिग बॉस 20’ में लव गिल, गेमिंग इन्फ्लुएंसर स्काउट ओपी और उनकी गर्लफ्रेंड काशवी हीरानंदानी के बीच शुरू हुआ विवाद अब नया मोड़ ले चुका है। शो के ‘वीकेंड का वार’ में काशवी ने लव और स्काउट की नजदीकियों पर सवाल उठाए, जिसके बाद लव की टीम उनके समर्थन में उतर आई। टीम ने लव के चरित्र पर सवाल उठाए जाने को लेकर नाराजगी जताई।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, 25 अक्टूबर को प्रसारित ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड में काशवी ने शो में पहुंचकर स्काउट से उनके व्यवहार पर सवाल किए। उन्होंने लव के साथ उनकी नजदीकियों और मसाज करने को लेकर आपत्ति जताई। काशवी ने आरोप लगाया कि लव ने स्काउट को अपने जाल में फंसाया है। हालांकि, लव ने अपनी तरफ से इसे सामान्य मदद बताया और कहा कि वह स्काउट को भाई की तरह देखती हैं।
लव की टीम ने उठाए दोहरे मापदंड पर सवाल
इस पूरे घटनाक्रम के बाद लव की टीम ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा कि राष्ट्रीय टेलीविजन पर उनके चरित्र को निशाना बनाया गया। टीम के मुताबिक, लव को सुना और समझा जाना चाहिए था, लेकिन उन्हें सार्वजनिक आलोचना का सामना करना पड़ा। बयान में परिवार की परेशानी का जिक्र करते हुए सवाल उठाया गया कि किसी दूसरे व्यक्ति की भावनाओं के लिए एक महिला को जिम्मेदार क्यों ठहराया जा रहा है।
स्काउट की तरफ से क्या आया जवाब?






दूरी ओर, रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्काउट की तरफ से भी सफाई दी गई कि लव के साथ उनके व्यवहार के पीछे कोई गलत इरादा नहीं था। शो में स्काउट ने काशवी से माफी मांगी और अपने रिश्ते को बचाने की बात कही। होस्ट रोहित शेट्टी ने भी दोनों को अपने व्यवहार और राष्ट्रीय टेलीविजन पर उसकी छवि को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी।
काशवी ने भी मांगी माफी
विवाद बढ़ने और सोशल मीडिया पर आलोचना के बाद काशवी ने 26 अक्टूबर को अपनी टिप्पणी पर सफाई देते हुए माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उनका मकसद स्काउट को उनके व्यवहार के लिए जवाबदेह ठहराना था, न कि किसी महिला के खिलाफ नफरत फैलाना। उन्होंने स्वीकार किया कि उनके कुछ शब्द असंवेदनशील थे।
अब इस विवाद ने शो के दर्शकों के बीच रिश्तों, निजी सीमाओं और सार्वजनिक आलोचना को लेकर नई बहस छेड़ दी है।






