सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर (Twitter) ने गुरूवार देर रात अनपेड अकाउंट वाले सेलेब्स के ट्विटर से ब्लू टिक हटा दिए हैं। अब से ट्विटर अकाउंट्स पर ब्लू टिक पाने के लिए उसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। हैरानी वाली बात ये है कि ट्विटर पर सबसे ज्यादा एक्टिव रहने वाले बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) के अकाउंट से भी ब्लू टिक हटा दिया गया है। ऐसे में अब बिग बी ने बेहद अनोखे अंदाज में ट्विटर के मालिक एलन मस्क से इस बारे में अपील की है।

बिग बी ने हाल ही में इलाहाबादी अंदाज में ट्वीट कर अपने दिल का हाल बयां किया है। उनका ये अंदाज बहुत ही मजेदार है। बिग बी ट्वीट में लिखा है, ‘ए ट्विटर भईया। सुन रहे हैं? अब तो पैसा भी भर दिए हैं हम… तो उ जो निल कमल (टिक का निशान) होत है ना, हमार नाम के आगे, उ तो वापस लगाय दें भैया, ताकि लोग जान जाएं कि हम ही हैं अमिताभ बच्चन… हाथ तो जोड़ लिए रहे हम। अब का गोड़वा जोड़े पड़ी का?’

कुछ ही समय में अमिताभ बच्चन का ये ट्वीट वायरल हो गया। यूजर्स इस पर खूब रिएक्शन दे रहे हैं। एक यूज़र ने लिखा, ‘सर यहां आपको लाइन में लगना पड़ेगा, यहां ये वाला हिसाब नही होगा कि आप जहां खड़े हो जाएं लाइन वहीं से शुरू हो जाए।’ दूसरे यूज़र ने लिखा, ‘सर जी… हम सब का भूलन नहीं चाहिए… द Whole थिंग इज दैट ए भईया, सब से बड़ा रुपैया… है की नहीं… एलन मस्क ओ भईया तनिक ध्यान दो।’
बिग बी को अब तक क्यों नहीं मिला ब्लू टिक?
बता दें ट्विटर ब्लू टिक को सब्सक्राइब करने के बाद सबसे पहले कंपनी आपकी पूरी प्रोफाइल को कंपनी रिव्यू करती है। इस प्रोसेस में करीब 1 से 7 दिन तक का समय लगता है। प्रोफाइल अच्छी तरह से रिव्यू होने के बाद ही कंपनी यूज़र के अकाउंट पर ब्लू टिक लगाती है।





