बॉलीवुड में अपने बेबाक बयानों के लिए मशहूर एक्ट्रेस कंगना रनौत इन दिनों एक और विवाद के कारण चर्चा में बनीं हुईं हैं। दरअसल, कुछ दिनों पहले कंगना ने धार्मिक गुरु दलाई लामा और अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन को लेकर सोशल मीडिया पर एक मीम शेयर किया था। जिसे लेकर कंगना विवादों में आ गईं।

जानकारी के मुताबिक, इस मीम को शेयर करने के कारण कंगना रनौत के मुंबई में पाली स्थित ऑफिस के बाहर कुछ लोग धरना-प्रदर्शन करने लगे। इस बात की जानकारी खुद कंगना रनौत ने दी है। साथ ही कंगना ने बौद्ध धर्म के लोगों से माफी मांगी है। कंगना ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर जो वीडियो शेयर किया है, उसमें बौद्ध धर्म के लोग को उनके ऑफिस के बाहर धरने पर बैठे हुए देखा जा सकता है और साथ ही वो लोग जोर-जोर से नारे भी लगा रहे हैं। इस वीडियो को पोस्ट करते हुए कंगना ने माफी मांगी है।

कंगना ने अपनी स्टोरी में लिखा कि, ‘पाली हिल में मेरे कार्यालय के बाहर बौद्ध लोगों को एक समूह प्रदर्शन कर रहा है। मेरा मतलब किसी को चोट पहुंचाना नहीं था।’ उन्होंने साथ में हाथ जोड़ने वाली इमोजी भी डाली है और लिखा है, ‘यह बाइडन और दलाई लामा के दोस्त होने के बारे में हानि रहित यानी बिना नुकसान पहुंचाने वाला एक मजाक था। कृपया मेरे इरादों को समझें। मैं बुद्ध की शिक्षाओं में विश्वास करती हूं और परम पावन 14वें दलाई लामा ने अपना पूरा जीवन सार्वजनिक एवं बिताया है। मैं किसी के खिलाफ नहीं हूं। कठोर गर्मी में खड़े न हों। कृपया घर जाएं।’

गौरतलब है कि 12 अप्रैल को कंगना ने एक मीम ट्वीट किया था। इस मीम में दलाई लामा और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन नजर आ रहे थे। इसे शेयर कर कंगना ने कहा था कि, ‘दलाई लामा का व्हाइट हाउस में गर्मजोशी से स्वागत हुआ। हम्म्म दोनों को वही बीमारी है, निश्चित रूप से दोनों की दोस्ती हो सकती है।’ इस मीम को शेयर कर कंगना विवादों में आ गईं थीं।





