जुहू चौपाटी पर छठ पूजा में शामिल हुईं तमन्ना भाटिया, बोलीं- खुद को मानती हूं बेहद खुशनसीब!
जुहू चौपाटी पर छठ पूजा के पावन अवसर पर तमन्ना भाटिया भी श्रद्धा के रंग में रंगी नजर आईं। पर्व में शामिल होकर एक्ट्रेस ने खुद को खुशकिस्मत बताया। उन्होंने पहले पटना जाकर छठ पूजा देखने की इच्छा भी जाहिर की थी।
जुहू चौपाटी पर छठ पूजा में शामिल हुईं तमन्ना भाटिया, बोलीं- खुद को मानती हूं बेहद खुशनसीब!
छठ महापर्व की रौनक इन दिनों मुंबई में भी देखने को मिल रही है। इस पावन मौके पर बॉलीवुड एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया भी जुहू चौपाटी पर आयोजित छठ पूजा में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने पर्व के प्रति अपनी खुशी और उत्साह जाहिर किया। तमन्ना ने बताया कि इस खास आयोजन का हिस्सा बनकर वह खुद को बेहद खुशनसीब महसूस कर रही हैं।
पटना में छठ पूजा देखने की थी ख्वाहिश
तमन्ना ने इस मौके पर अपनी पुरानी इच्छा का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि फिल्म के प्रमोशन के दौरान वह पटना गई थीं, जहां उन्होंने गंगा आरती में हिस्सा लिया था। उस वक्त उनके मन में छठ पूजा को करीब से देखने की इच्छा जागी थी। वह चाहती थीं कि एक बार पटना जाकर इस महापर्व की भव्यता और श्रद्धा को अपनी आंखों से देखें। हालांकि, उन्हें लग रहा था कि शायद यह इच्छा पूरी नहीं हो पाएगी।
लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। मुंबई में आयोजित छठ पूजा में शामिल होने का न्योता मिलने के बाद उनकी यह ख्वाहिश काफी हद तक पूरी हो गई। तमन्ना ने कहा कि अपने ही शहर में इतने सारे श्रद्धालुओं के साथ इस पर्व को मनाना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा।
'छठी मैया' गाने से जुड़ा है खास रिश्ता
दरअसल, तमन्ना भाटिया हाल ही में सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ फिल्म 'द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' में नजर आई थीं। फिल्म में छठ पूजा पर आधारित 'छठी मैया' गाने में उन्होंने हिस्सा लिया है। इस गाने को दर्शकों का खूब प्यार मिला। इसे विशाल मिश्रा ने गाया है और कौशल किशोर ने इसके बोल लिखे हैं।
तमन्ना ने बताया कि गाने की शूटिंग से पहले उन्होंने छठ पूजा की परंपराओं, रीति-रिवाजों और इसके धार्मिक महत्व को समझने के लिए काफी समय बिताया था। बिहार और पटना में इस पर्व को किस तरह मनाया जाता है, यह जानकर वह काफी प्रभावित हुई थीं।
एक्ट्रेस ने कहा कि छठी मैया के साथ उनका जो भावनात्मक जुड़ाव बना है, उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उन्होंने श्रद्धालुओं के प्यार के लिए आभार जताया और छठी मैया का आशीर्वाद मांगा।
तमन्ना की इस मौजूदगी ने छठ पूजा के जश्न को और खास बना दिया। सोशल मीडिया पर भी उनके इस अंदाज की चर्चा हो रही है। वहीं, उनका 'छठी मैया' गाना एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।