सलमान खान की ‘लकी’ फेम स्नेहा उल्लाल पहुंचीं बिहार, गांव की महिलाओं संग देसी रंग में रंगा एक्ट्रेस का अंदाज
सलमान खान की फिल्म ‘लकी: नो टाइम फॉर लव’ से चर्चा में आईं स्नेहा उल्लाल इन दिनों बिहार में हैं। यहां उनका बेहद सादगी भरा अंदाज देखने को मिला। गांव की महिलाओं के बीच पहुंचीं स्नेहा उनके रंग में रंगी नजर आईं और देसी अंदाज ने सबका ध्यान खींच लिया।
सलमान खान के साथ फिल्म ‘लकी: नो टाइम फॉर लव’ से बॉलीवुड में डेब्यू करने वालीं स्नेहा उल्लाल इन दिनों बिहार के गया में हैं। एक्ट्रेस अपनी अगली फिल्म ‘अर्धनायक’ की शूटिंग कर रही हैं। स्नेहा गांव की महिलाओं के बीच जमीन पर बैठकर बातचीत करती और उनके रहन-सहन को करीब से समझती नजर आईं। इस दौरान उनकी सहजता ने स्थानीय लोगों का भी ध्यान खींचा। उनका बिहारी लुक भी चर्चा में है।
गांव की महिलाओं संग घुलीं-मिलीं
रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्नेहा गया के मानपुर इलाके में शूटिंग कर रही हैं। फिल्म की कहानी 1950 के दशक के ग्रामीण बिहार की पृष्ठभूमि पर आधारित है। ऐसे में अपने किरदार को समझने के लिए एक्ट्रेस स्थानीय लोगों के साथ समय बिता रही हैं। वह गांव की महिलाओं से बातचीत कर उनकी जिंदगी को करीब से समझ रही हैं। इस दौरान स्नेहा सूती साड़ी और बिंदी वाले देसी अंदाज में नजर आईं। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में उनका यह रूप अलग दिखाई दिया।
‘बहुत प्यारे लोग हैं’
स्नेहा ने ईटीवी से बातचीत में बिहार के लोगों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि यहां के लोग बहुत प्यारे और नरम दिल हैं। एक्ट्रेस ने कहा कि साथ समय बिताने के बाद उन्हें लोगों का अपनापन महसूस हुआ। स्नेहा ने बताया कि उन्हें जानवर पसंद हैं और वह बकरी-गाय के बच्चों के साथ समय बिताती हैं।
‘अर्धनायक’ में ऐसा है किरदार
‘अर्धनायक’ में स्नेहा उल्लाल लालमुनिया देवी नाम की ग्रामीण महिला का किरदार निभा रही हैं। फिल्म ग्रामीण जीवन, लोक कलाओं के खत्म होने और पानी की समस्या जैसे मुद्दों को कहानी का हिस्सा बनाती है। स्थानीय ग्रामीण भी शूटिंग में शामिल हैं।
‘लकी’ से मिली थी पहचान
स्नेहा ने साल 2005 में सलमान खान के साथ ‘लकी: नो टाइम फॉर लव’ से हिंदी सिनेमा में कदम रखा था। अब कई साल बाद ‘अर्धनायक’ के जरिए वह अलग तरह के ग्रामीण किरदार में नजर आने वाली हैं।