'रामायण' पर बढ़ा विवाद, हिंदू संगठन ने उठाए सवाल, दूसरे भाग की रिलीज से पहले धर्मगुरुओं को दिखाने की मांग!

फिल्म रामायण को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। एक हिंदू संगठन ने मेकर्स पर वाल्मीकि रामायण को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाते हुए आपत्ति जताई है। संगठन ने मांग की है कि दूसरे भाग की रिलीज से पहले फिल्म धर्मगुरुओं और संतों को दिखाई जाए, ताकि धार्मिक भावनाओं से जुड़े पहलुओं पर उनकी राय ली जा सके

By ·

'रामायण' पर बढ़ा विवाद, हिंदू संगठन ने उठाए सवाल, दूसरे भाग की रिलीज से पहले धर्मगुरुओं को दिखाने की मांग!

बॉलीवुड की बहुचर्चित फिल्म 'रामायण' इन दिनों बॉक्स ऑफिस के साथ-साथ विवादों को लेकर भी सुर्खियों में है। रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश जैसे सितारों से सजी इस फिल्म को लेकर अब हिंदू जनजागृति समिति (HJS) ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है। संगठन का आरोप है कि फिल्म में महर्षि वाल्मीकि की मूल रामायण को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। इतना ही नहीं, समिति ने फिल्म के दूसरे भाग की रिलीज से पहले इसे हिंदू धर्मगुरुओं, संतों और रामायण के जानकारों को दिखाने की मांग की है।

रावण के चित्रण पर उठाए सवाल

https://x.com/ABHISHEK20771/status/2122759414256193940?a=vExyGktMHk_TdYZv25s&s=19

हिंदू जनजागृति समिति के गोवा समन्वयक मनोज सोलंकी ने फिल्म के कई दृश्यों पर आपत्ति जताई है। संगठन का दावा है कि फिल्म में रावण को एक ऐसे शासक के रूप में दिखाया गया है, जो पीड़ितों की रक्षा करता है और गरीबों को सोने के घर देता है। समिति के मुताबिक, यह चित्रण वाल्मीकि रामायण में वर्णित रावण के चरित्र से मेल नहीं खाता। संगठन ने आरोप लगाया कि फिल्म में रावण का महिमामंडन किया गया है, जबकि भगवान राम और लक्ष्मण को भी उनके पारंपरिक स्वरूप से अलग दिखाया गया है।

सीता और लक्ष्मण के सीन पर भी आपत्ति

समिति को फिल्म में शूर्पणखा प्रसंग को दिखाने के तरीके पर भी ऐतराज है। संगठन ने उस दृश्य पर सवाल उठाए हैं, जिसमें सीता लक्ष्मण को एक महिला का चेहरा बिगाड़ने के अधिकार को लेकर फटकार लगाती हैं। इसके अलावा, राम को खर और दूषण से माफी मांगते हुए दिखाए जाने पर भी आपत्ति जताई गई है।

समिति का आरोप है कि फिल्म में लक्ष्मण को अहंकारी, गुस्सैल और ऋषियों के प्रति व्यंग्यात्मक व्यवहार करने वाला दिखाया गया है। संगठन के मुताबिक, लक्ष्मण का पारंपरिक चरित्र त्याग, विनम्रता और समर्पण का प्रतीक रहा है। सीता के स्वयंवर में रावण की मौजूदगी और उनके अपहरण के दौरान दिखाए गए घटनाक्रम पर भी सवाल उठाए गए हैं।

https://x.com/narendr42076873/status/2120071118275125365?a=U_pRHQR2OhenmmA2ob4&s=19

दूसरे भाग के लिए मेकर्स को चेतावनी

मनोज सोलंकी ने फिल्म निर्माताओं से अपील की है कि वे दूसरे भाग की रिलीज से पहले हिंदू धर्मगुरुओं, संतों और रामायण के विद्वानों के लिए विशेष स्क्रीनिंग आयोजित करें। साथ ही, उन्होंने सेंसर बोर्ड से भी धार्मिक महाकाव्यों पर आधारित फिल्मों की समीक्षा करते समय धर्मग्रंथों के जानकारों से सलाह लेने की मांग की है।

संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर फिल्म के दूसरे भाग में भी इसी तरह की कथित गलतियां और विकृतियां देखने को मिलीं, तो देशभर में विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। फिलहाल इस पूरे विवाद पर फिल्म के मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि दूसरे भाग को लेकर उठ रहे इन सवालों पर निर्माता क्या कदम उठाते हैं।

Hindi Behind Talkies AMP · त्वरित दृश्य
पूरा लेख देखें