‘जेलर 2’ के ट्रेलर में दिखे ऋतिक रोशन? पलक झपकते गायब हुए एक्टर, यूजर्स बोले- कैमियो पक्का!

रजनीकांत की मचअवेटेड फिल्म ‘जेलर 2’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर हलचल मच गई है। ट्रेलर में एक पल के लिए ऋतिक रोशन जैसे दिखने वाले शख्स को देखकर यूजर्स ने दावा किया कि फिल्म में एक्टर का सरप्राइज कैमियो हो सकता है।

By ·

सुपरस्टार रजनीकांत की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘जेलर 2’ का ट्रेलर 5 अक्टूबर को रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। ट्रेलर में रजनीकांत का टाइगर मुथुवेल पांडियन अवतार, दमदार एक्शन और बड़े सितारों की मौजूदगी ने फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है। इसी बीच ट्रेलर के एक बेहद छोटे से शॉट ने इंटरनेट पर नई चर्चा छेड़ दी है।

दरअसल, करीब 1 मिनट 31 सेकंड के आसपास एक शख्स की पीछे से दिखाई देती सिल्हूट नजर आती है। इस एक झलक को देखकर कई सोशल मीडिया यूजर्स का दावा है कि यह कोई और नहीं बल्कि बॉलीवुड स्टार ऋतिक रोशन हैं। शॉट इतना तेजी से आता है कि पलक झपकते ही गायब हो जाता है, लेकिन फैंस ने इसे पकड़ लिया और अब ऋतिक के संभावित कैमियो की चर्चा तेज हो गई है।

https://x.com/jerinGeorgekut2/status/2107355931361087646

एक्स पर कई यूजर्स ने ट्रेलर के इस फ्रेम को शेयर करते हुए सवाल किया कि क्या ‘जेलर 2’ में ऋतिक रोशन सरप्राइज अपीयरेंस देने वाले हैं। कुछ फैंस तो इसे एक तरह से कैमियो की पुष्टि तक मान रहे हैं। हालांकि, अभी तक फिल्म के मेकर्स या ऋतिक रोशन की ओर से उनके कैमियो को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

दिलचस्प बात यह है कि ऋतिक की संभावित मौजूदगी की अटकलें फिल्म रिलीज से पहले ही सामने आती रही हैं। ऐसे में ट्रेलर की यह रहस्यमयी झलक फैंस की उम्मीदों को और हवा दे रही है। वहीं, ट्रेलर में मोहनलाल, शिवराजकुमार, जैकी श्रॉफ, मिथुन चक्रवर्ती और विद्या बालन जैसे सितारों की मौजूदगी पहले ही फिल्म को खास बना चुकी है।

फिलहाल सवाल यही है कि ट्रेलर में दिखी वह सिल्हूट वाकई ऋतिक रोशन की है या फिर फैंस की नजरों का कमाल। ‘जेलर 2’ 15 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Hindi Behind Talkies AMP · त्वरित दृश्य
पूरा लेख देखें