25 एकड़ की जमीन, 100 साल पुराना घर और पहाड़ों का सुकून... मुंबई छोड़ हिमाचल जा रहे यामी-आदित्य

यामी गौतम और आदित्य धर को लेकर खबर है कि कपल मुंबई छोड़कर हिमाचल प्रदेश में बसने की तैयारी कर रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों 25 एकड़ में फैले करीब 100 साल पुराने घर में रहेंगे। पहाड़ों के बीच बने इस पुराने आशियाने में कपल जिंदगी का नया अध्याय शुरू कर सकता है।

By ·

यामी गौतम और आदित्य धर के मुंबई छोड़कर हिमाचल प्रदेश में बसने की खबर ने फैंस का ध्यान खींचा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कपल ने पहाड़ों की शांति और प्राइवेसी को प्राथमिकता देते हुए मंडी के गोहर स्थित अपने पुराने घर को स्थायी ठिकाना बना लिया है। हालांकि, काम के सिलसिले में दोनों का मुंबई आना-जाना जारी रहेगा।

25 एकड़ में फैला है यामी का खूबसूरत आशियाना

यामी गौतम ने शादी से पहले मंडी के गोहर में करीब 25 एकड़ जमीन पर बना 100 साल पुराना हेरिटेज घर खरीदा था। लकड़ी और पत्थरों से बना यह घर पारंपरिक हिमाचली वास्तुकला की झलक दिखाता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यामी ने घर की पुरानी पहचान को बरकरार रखा है और इसे किसी आलीशान मॉडर्न सेलिब्रिटी हाउस में बदलने के बजाय सादगी के साथ संजोकर रखा है।

यही हुई थी यामी-आदित्य की शादी

इस घर से कपल का रिश्ता सिर्फ प्रॉपर्टी तक सीमित नहीं है। यामी और आदित्य ने जून 2021 में इसी हिमाचली घर में बेहद निजी अंदाज में शादी की थी। घर के आसपास हरियाली और ऑर्गेनिक किचन गार्डन है, जहां सेब, आलू, प्लम और अदरक जैसी चीजें उगाई जाती हैं।

मुंबई की चकाचौंध से दूर क्यों?

रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि यामी और आदित्य लगातार पब्लिक अटेंशन से दूर एक शांत और निजी जिंदगी चाहते हैं। दोनों पहले भी काम से ब्रेक मिलने पर हिमाचल में समय बिताते रहे हैं। अब कथित तौर पर उन्होंने इसी जगह को अपना स्थायी बेस बनाने का फैसला किया है।

यामी के लिए हिमाचल से जुड़ाव भी बेहद खास है। ऐसे में 25 एकड़ में फैली यह हेरिटेज प्रॉपर्टी उनके लिए सिर्फ घर नहीं, बल्कि परिवार, बचपन की यादों और सुकून से जुड़ी जगह भी है। वहीं, मुंबई उनके लिए अब मुख्य रूप से काम की जगह बनी रहेगी।

Hindi Behind Talkies AMP · त्वरित दृश्य
पूरा लेख देखें