3 साल से नंगे पैर घूम रहे हैं विजय एंटनी, पत्नी ने खोला राज- एक्टर ने क्यों खाई चप्पल-जूते न पहनने की कसम?

साउथ एक्टर विजय एंटनी पिछले तीन साल से चप्पल-जूते नहीं पहन रहे हैं। अब उनकी पत्नी ने इसके पीछे की भावुक वजह का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि आखिर किस दर्द और संकल्प के चलते एक्टर ने नंगे पैर रहने की कसम खाई है।

By ·

न चप्पल, न जूते... 3 साल से नंगे पैर चल रहे विजय एंटनी, पत्नी ने बताया एक्टर की कसम के पीछे का दर्द

साउथ सिनेमा के मशहूर अभिनेता और म्यूजिक कंपोजर विजय एंटनी की जिंदगी से जुड़ा एक ऐसा खुलासा सामने आया है, जिसे सुनकर किसी की भी आंखें नम हो सकती हैं। अभिनेता पिछले करीब तीन साल से चप्पल-जूते पहनने से परहेज कर रहे हैं। अब उनकी पत्नी और फिल्म प्रोड्यूसर फातिमा विजय एंटनी ने इस फैसले के पीछे छिपे दर्द को बयां किया है। वजह उनकी दिवंगत बेटी मीरा से जुड़ी है।

बेटी की याद में विजय ने खाई जिंदगीभर नंगे पैर रहने की कसम

दरअसल, फातिमा हाल ही में निर्देशक मु. मारन की फिल्म 'अप्पा कुट्टी' के प्री-रिलीज इवेंट में पहुंची थीं। इस दौरान वह भावुक हो गईं और उन्होंने बताया कि आखिर विजय एंटनी ने जूते-चप्पल पहनना क्यों छोड़ दिया। फातिमा के मुताबिक, उनकी बड़ी बेटी मीरा कॉलेज जाने वाली थी। ऐसे में उन्होंने उसके लिए अमेरिका, लंदन समेत कई जगहों से खूबसूरत जूते-चप्पल खरीदे थे। लेकिन सितंबर 2023 में बेटी के निधन के बाद वे सभी चीजें घर में वैसी ही रखी रह गईं।

फातिमा ने बताया कि उन जूतों-चप्पलों को देखने के बाद विजय बेहद भावुक हो गए थे। उन्होंने उन्हें देखकर फैसला किया कि अब वह अपनी पूरी जिंदगी कभी जूते-चप्पल नहीं पहनेंगे। यह सिर्फ एक कसम नहीं, बल्कि बेटी की याद को हमेशा अपने साथ रखने का उनका निजी तरीका बन गया।

सिर्फ कॉन्सर्ट के लिए पहनते हैं जूते-चप्पल

फातिमा ने आगे बताया कि विजय अपने इस संकल्प को पूरी तरह निभा रहे हैं। हालांकि, कुछ मौकों पर उन्हें मजबूरी में जूते पहनने पड़ते हैं। जब वह लंदन, पेरिस, सिंगापुर और मलेशिया जैसे देशों में म्यूजिक कॉन्सर्ट के लिए जाते हैं, तभी फुटवियर पहनते हैं। लेकिन कार्यक्रम खत्म होते ही वह तुरंत जूते-चप्पल उतार देते हैं।

बेटी की घड़ी पहनते हैं विजय, लग्जरी वॉच से भी बनाई दूरी

विजय एंटनी ने सिर्फ जूते-चप्पल ही नहीं छोड़े, बल्कि अपनी महंगी घड़ियों से भी दूरी बना ली है। फातिमा ने बताया कि उनके पास राडो और रोलेक्स जैसी महंगी घड़ियों का शानदार कलेक्शन था, लेकिन अब वह इनमें से कोई घड़ी नहीं पहनते। इसके बजाय वह अपनी दिवंगत बेटी मीरा की घड़ी पहनते हैं, जिसे फातिमा ने करीब 4,000 रुपये में खरीदा था। मीरा को यह घड़ी बेहद पसंद थी। विजय के लिए अब यही घड़ी सबसे अनमोल चीज बन गई है।

2023 में हुआ था बेटी मीरा का निधन

बता दें कि विजय एंटनी और फातिमा की बड़ी बेटी मीरा का सितंबर 2023 में महज 16 साल की उम्र में निधन हो गया था। इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया था। फातिमा ने बताया कि बेटी को खोने के बाद वह करीब पांच साल बाद पहली बार मीडिया के सामने आई हैं। इस मुश्किल दौर में विजय और उनके दोस्तों ने उन्हें संभालने में बड़ी भूमिका निभाई।

वहीं, विजय एंटनी की आने वाली फिल्म 'अप्पा कुट्टी' 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म के प्री-रिलीज इवेंट में उनकी छोटी बेटी लारा भी मौजूद थीं। इस दौरान विजय ने परिवार के मुश्किल समय में साथ देने के लिए पत्नी का आभार जताया।

Hindi Behind Talkies AMP · त्वरित दृश्य
पूरा लेख देखें