मलेशिया के PM की जुबां पर आया किशोर कुमार का गाना, VIDEO देख फैंस बोले- वाह!
मलेशिया के प्रधानमंत्री का किशोर कुमार के सदाबहार गाने को गाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। भारतीय फैंस भी PM के अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम इन दिनों भारत दौरे पर हैं और इसी बीच उनका एक दिलचस्प वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। BRICS समिट के दौरान आयोजित एक कार्यक्रम में अनवर इब्राहिम ने अचानक किशोर कुमार का सदाबहार गाना ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत’ गाकर महफिल में चार चांद लगा दिए।
जब PM अनवर बने सिंगर
दिल्ली में आयोजित गाला डिनर के दौरान माहौल उस वक्त और खास हो गया, जब मलेशियाई PM ने लाइव पियानो की धुन के साथ किशोर कुमार का यह मशहूर गाना गाना शुरू किया। यह गाना 1965 में रिलीज हुई फिल्म ‘तीन देवियां’ का है। इसे किशोर कुमार ने अपनी आवाज दी थी, जबकि संगीत एस.डी. बर्मन और गीत मज़रूह सुल्तानपुरी ने लिखा था।
अनवर इब्राहिम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी इस खास पल का वीडियो शेयर किया। पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा, “Guru mintak izin nyanyi kejap ok!”, जिसका मोटे तौर पर मतलब है- “गुरु, थोड़ी देर गाने की इजाजत दें।”
सोशल मीडिया पर छाया वीडियो
वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने अनवर इब्राहिम के अंदाज की तारीफ शुरू कर दी। कई लोगों ने उनके हिंदी गाने के चयन और भारतीय संगीत के प्रति उनके लगाव को पसंद किया। मलेशियाई सरकारी समाचार एजेंसी Bernama के मुताबिक, वीडियो वायरल होने के बाद भारतीय दर्शकों की तरफ से भी सकारात्मक प्रतिक्रियाएं आईं।
बॉलीवुड से पुराना है कनेक्शन
अनवर इब्राहिम का बॉलीवुड प्रेम नया नहीं है। इससे पहले भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मलेशिया दौरे के दौरान उन्होंने ‘कभी खुशी कभी गम’ के लोकप्रिय गाने ‘बोले चूड़ियां’ को अपने वीडियो मोंटाज में शामिल किया था। ऐसे में किशोर कुमार का गाना गाना भारत और मलेशिया के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव की एक और खूबसूरत मिसाल बन गया।
राजनीतिक चर्चाओं से इतर अनवर इब्राहिम का यह संगीत वाला अंदाज सोशल मीडिया पर लोगों को खूब पसंद आ रहा है। खास बात यह रही कि एक अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक कार्यक्रम में बॉलीवुड के सदाबहार संगीत की गूंज ने माहौल को पूरी तरह खुशनुमा बना दिया।