'रात में आया और...' नशे में डायरेक्टर ने स्वरा भास्कर से मांगा हग, आधी रात खटखटाया दरवाजा
स्वरा भास्कर ने अपने करियर के शुरुआती दौर का एक चौंकाने वाला किस्सा साझा किया है। एक्ट्रेस के मुताबिक, एक डायरेक्टर ने शराब के नशे में आधी रात उनके कमरे का दरवाजा खटखटाया और ऐसी मांग कर दी, जिससे वह असहज हो गई थीं।
स्वरा भास्कर ने अपने करियर के शुरुआती दौर का एक ऐसा अनुभव साझा किया है, जिसने एक बार फिर फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाली युवा अभिनेत्रियों की चुनौतियों को चर्चा में ला दिया है। रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल 2’ में बातचीत के दौरान स्वरा ने बताया कि यह घटना ‘तनु वेड्स मनु’ की सफलता के बाद की है। उस समय वह एक बड़ी फिल्म में लीड रोल कर रही थीं और करीब 56 दिनों की शूटिंग थी।
स्वरा के मुताबिक, फिल्म के डायरेक्टर उन्हें निजी मैसेज और कविताएं भेजने लगे थे। वह कथित तौर पर कहते थे कि एक डायरेक्टर को अपने एक्टर से प्यार करना चाहिए। इसके बाद एक रोमांटिक सीन की रिहर्सल को लेकर उन्होंने स्वरा से अकेले मिलने की बात कही। एक्ट्रेस ने सवाल किया कि अगर रिहर्सल है तो बाकी कलाकार और कैमरा टीम क्यों मौजूद नहीं होगी।
स्वरा ने बताया कि जिस गेस्ट हाउस में वह ठहरी थीं, वहां पहुंचने पर उन्होंने डायरेक्टर और सिनेमेटोग्राफर को शराब पीते देखा। उनके मुताबिक, दोनों पहले ही करीब आधी बोतल खत्म कर चुके थे। उस समय स्वरा खुद को काफी असहज महसूस कर रही थीं, क्योंकि वह कम उम्र की थीं और वहां अकेली महिला थीं। उन्होंने किसी तरह स्थिति संभाली और वहां से निकल गईं।
लेकिन स्वरा के अनुसार, मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। रात में वही डायरेक्टर उनके कमरे के बाहर पहुंचा और दरवाजा खटखटाने लगा। स्वरा ने बताया कि उन्हें डर था कि कहीं वह दरवाजा तोड़कर अंदर न आ जाए। दरवाजा खोलने पर उन्होंने उसे नशे में पाया। इसके बाद डायरेक्टर ने उनसे पूछा, “Can I get a hug?” स्वरा ने मना करते हुए उससे वहां से जाने को कहा और बताया कि उन्हें डर लग रहा था।
7स्वरा ने यह भी बताया कि उस समय वह इसलिए खुलकर विरोध नहीं कर पाईं क्योंकि सामने वाला उनकी फिल्म का डायरेक्टर था और उन्हें करियर प्रभावित होने का डर था। उन्होंने शो में किसी डायरेक्टर या फिल्म का नाम नहीं लिया।
गौरतलब है कि स्वरा ने 2017 में भी एक इंटरव्यू में शुरुआती करियर के दौरान एक डायरेक्टर द्वारा कथित तौर पर परेशान किए जाने और शराब के नशे में उनके कमरे तक आने का अनुभव साझा किया था।