सुनीता आहूजा अकेले घर लाईं गणपति बप्पा, न गोविंदा न बच्चे, ढोल की थाप पर जमकर किया डांस
सुनीता आहूजा ने इस बार अकेले ही गणपति बप्पा का घर में स्वागत किया। गोविंदा और बच्चों के बिना पहुंचीं सुनीता ने ढोल की थाप पर जमकर डांस किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
सुनीता आहूजा एक बार फिर अपने अंदाज को लेकर सुर्खियों में हैं। गणेश चतुर्थी से ठीक पहले गोविंदा की पत्नी ने अपने घर गणपति बप्पा का स्वागत किया, लेकिन इस बार उनका अंदाज कुछ अलग नजर आया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में सुनीता अकेले ही बप्पा को घर लाती दिखाई दे रही हैं। उनके साथ न पति गोविंदा नजर आए और न ही उनके बच्चे।
वीडियो में सुनीता का उत्साह देखते ही बन रहा है। गणपति की मूर्ति एक अन्य व्यक्ति ने उठा रखी है और सुनीता उनके आगे-आगे ढोल की धुन पर जमकर डांस करती नजर आ रही हैं। खास बात ये है कि घर की सीढ़ियां चढ़ते हुए भी उनका डांस नहीं रुका। वह पूरे जोश और खुशी के साथ बप्पा का स्वागत करती दिखीं।
सुनीता का ये वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जहां कई लोग उनके एनर्जी से भरपूर डांस की तारीफ कर रहे हैं, वहीं कुछ यूजर्स की नजर उनके साथ नजर नहीं आ रहे परिवार पर टिक गई। कमेंट सेक्शन में लोगों ने सवाल किया कि आखिर इस खास मौके पर गोविंदा कहां हैं और बच्चे क्यों नजर नहीं आए।
दरअसल, सुनीता और गोविंदा के रिश्ते को लेकर पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया और एंटरटेनमेंट गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं होती रही हैं। हालांकि, इस वीडियो में सुनीता की खुशी और बप्पा के प्रति उनकी श्रद्धा साफ नजर आ रही है। वहीं, पिछले साल गणपति विसर्जन के दौरान गोविंदा और सुनीता साथ नजर आए थे और उनके बेटे यशवर्धन भी परिवार के साथ मौजूद थे।
इस बार सुनीता का अकेले बप्पा का स्वागत करना महज एक वायरल वीडियो है या इसके पीछे कोई पारिवारिक वजह है, इसकी कोई पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल, सुनीता का ढोल पर डांस सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।