‘हनुमान अंश’ के सिंगर सुनील लोधी की आंखों का इलाज शुरू, बोले- दुआ है कि जिंदगी में लौट आए रोशनी!
‘हनुमान अंश’ के गायक सुनील लोधी की आंखों का इलाज शुरू हो गया है। सिंगर ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए अपनी तकलीफ जाहिर की और लिखा कि बस प्रार्थना है कि उनके जीवन में भी दोबारा रोशनी लौट आए। उनकी इस भावुक अपील ने फैंस को भावुक कर दिया है।
‘हनुमान अंश’ के सिंगर सुनील लोधी की आंखों का इलाज शुरू, बोले- दुआ है कि जिंदगी में लौट आए रोशनी!
‘हनुमान अंश’ के गायक सुनील लोधी की जिंदगी में उम्मीद की नई किरण जगी है। जन्म से दृष्टिबाधित सुनील की आंखों के इलाज की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अस्पताल की तस्वीरें साझा कर इसकी जानकारी दी। साथ ही प्रार्थना की कि उनके जीवन में भी रोशनी लौट आए, ताकि वह दुनिया को अपनी आंखों से देख सकें।
सुनील ने पोस्ट में लिखा कि ईश्वर ने हर मुश्किल में उन्हें सहारा और हौसला दिया है। इलाज शुरू होने से उनके मन में नई उम्मीद जगी है। उन्होंने माता-पिता के वर्षों पुराने इंतजार का जिक्र करते हुए लोगों से प्रार्थना करने की अपील की। उनके मुताबिक, प्रशंसकों का प्यार और दुआएं ही उनकी ताकत हैं। पोस्ट के बाद लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर हुई जांच
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुनील के इलाज में मदद का भरोसा दिया था। उनके निर्देश पर सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में सुनील का स्वास्थ्य परीक्षण और आंखों की जांच कराई गई। हालांकि, डॉक्टरों की रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा कि उनकी आंखों की रोशनी लौटने की कितनी संभावना है। फिलहाल इलाज शुरू होना परिवार के लिए उम्मीद भरी खबर है।
ट्रेनों में भजन गाकर बनाई पहचान
मध्य प्रदेश के सागर जिले के अगरा गांव के रहने वाले सुनील करीब 25 साल के हैं। वह बचपन से संगीत से जुड़े हैं। लगभग 10-11 साल की उम्र से भजन गाने और बुंदेली वाद्य यंत्र तमूरा बजाने लगे थे। शुरुआती दिनों में गांव की चौपालों, धार्मिक आयोजनों और ट्रेनों में भजन गाकर गुजारा करते थे। सोशल मीडिया पर उनके वीडियो वायरल होने से पहचान मिली।
फिल्म ‘हनुमान अंश’ के भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ ने उनकी आवाज को देशभर में पहुंचाया। अब प्रशंसक दुआ कर रहे हैं कि इलाज सफल हो और सुनील की जिंदगी में रोशनी लौट आए।