‘रामायणम्’ के गानों से नाराज हुए सुनील लहरी, बोले- फिल्म सफल हो, लेकिन मिथिला-अयोध्या की झलक नहीं!

टीवी के मशहूर शो ‘रामायण’ में लक्ष्मण का किरदार निभाकर घर-घर पहचान बनाने वाले सुनील लहरी ने रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायणम्’ के गानों पर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने फिल्म की सफलता की कामना करते हुए कहा कि गानों में मिथिला और अयोध्या की संस्कृति की झलक नजर नहीं आती, जिससे उनका मूड खराब हो गया।

By ·

‘रामायणम्’ के गानों से नाराज हुए सुनील लहरी, बोले- फिल्म सफल हो, लेकिन मिथिला-अयोध्या की झलक नहीं!

रणबीर कपूर की मच अवेटेड फिल्म ‘रामायणम्’ रिलीज से पहले ही लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। फिल्म के टीजर, ट्रेलर, कलाकारों की कास्टिंग और गानों को लेकर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। अब रामानंद सागर की ऐतिहासिक टीवी सीरीज ‘रामायण’ में लक्ष्मण का किरदार निभाकर घर-घर पहचान बनाने वाले अभिनेता सुनील लहरी ने भी फिल्म के संगीत पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने फिल्म के कुछ गानों को सुनने के बाद निराशा जाहिर की है। हालांकि, सुनील ने निर्देशक नितेश तिवारी और पूरी टीम की मेहनत की तारीफ करते हुए फिल्म की सफलता की कामना भी की है।

गानों में नहीं दिखा मिथिला और अयोध्या का रंग

दरअसल, सुनील लहरी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने नई ‘रामायणम्’ को लेकर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि कई लोग उनसे फिल्म के बारे में उनकी राय जानना चाहते थे, क्योंकि वह भी कभी रामायण का हिस्सा रहे हैं। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि उन्होंने अभी तक पूरी फिल्म नहीं देखी है और न ही वह इस महाकाव्य के विशेषज्ञ हैं। इसलिए वह फिल्म पर अंतिम टिप्पणी नहीं करना चाहते।

संगीत को लेकर अपनी बात रखते हुए सुनील ने कहा कि रामायण जैसे महाकाव्य में संगीत बेहद अहम भूमिका निभाता है। यह किसी भी कहानी की रीढ़ की हड्डी की तरह होता है। लेकिन फिल्म के जिन गानों को उन्होंने सुना है, उनमें से कुछ ने उन्हें थोड़ा निराश किया है। उनके मुताबिक, गानों के संगीत में मिथिला और अयोध्या का स्थानीय रंग और वहां की सांस्कृतिक पहचान नजर आनी चाहिए थी। एक अच्छे श्रोता के तौर पर उन्हें इसकी कमी महसूस हुई।

नितेश तिवारी पर है पूरा भरोसा

https://www.instagram.com/reel/DfSLsPyubyu/?mdxt=MTY3cmRlczg3MmZmdg==

सुनील लहरी ने आगे निर्देशक नितेश तिवारी की तारीफ करते हुए कहा कि वह एक बेहतरीन निर्देशक हैं और इससे पहले भी कई अच्छी फिल्में बना चुके हैं। उन्हें पूरा विश्वास है कि नितेश और फिल्म से जुड़े सभी कलाकारों ने मिलकर शानदार काम किया होगा। उन्होंने यह भी कहा कि इतने बड़े महाकाव्य को पर्दे पर उतारना आसान नहीं है और इसके पीछे पूरी टीम की मेहनत लगी है।

एआर रहमान के संगीत पर भी उठे सवाल

गौरतलब है कि फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी एआर रहमान और हंस जिमर ने संभाली है। इससे पहले फिल्म के गाने ‘मंगल रंग’ को लेकर भी सोशल मीडिया पर बहस देखने को मिली थी। कुछ दर्शकों को इसके संगीत में सूफी और कव्वाली जैसा अंदाज महसूस हुआ था। अब सुनील लहरी की टिप्पणी ने इस चर्चा को और बढ़ा दिया है।

फिल्म की सफलता के लिए की प्रार्थना

हालांकि, अपनी नाराजगी जाहिर करने के बावजूद सुनील लहरी ने फिल्म का विरोध नहीं किया। उन्होंने पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह भगवान से प्रार्थना करते हैं कि फिल्म बेहद सफल हो। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि इतने बड़े बजट की फिल्म से कई लोगों की रोजी-रोटी जुड़ी होती है। ऐसे में इसकी सफलता जरूरी है। अब देखना दिलचस्प होगा कि दर्शक 5 नवंबर को रिलीज होने जा रही ‘रामायणम्’ को कितना पसंद करते हैं।

Hindi Behind Talkies AMP · त्वरित दृश्य
पूरा लेख देखें