‘रामायण’ के लक्ष्मण सुनील लहरी ने PM मोदी के जन्मदिन पर जलाया दीया, बोले- राष्ट्र सेवक पुत्र को बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर ‘रामायण’ में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील लहरी ने खास अंदाज में शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दीया जलाकर पीएम मोदी को ‘राष्ट्र सेवक पुत्र’ बताते हुए उनके जन्मदिन पर संदेश साझा किया।
‘रामायण’ में लक्ष्मण का किरदार निभाकर घर-घर पहचान बनाने वाले अभिनेता सुनील लहरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर अपने खास संदेश को लेकर चर्चा में हैं। 17 सितंबर को पीएम मोदी के 76वें जन्मदिन के मौके पर सुनील लहरी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने दीप जलाकर प्रधानमंत्री के लिए प्रार्थना की।
वीडियो में सुनील लहरी ने कहा, “आज से तकरीबन 76 साल पहले गुजरात के मेहसाणा में एक बच्चे का जन्म हुआ। जिसने अपनी मेहनत, लगन और परिश्रम से जो मुकाम हासिल किया, पूरी दुनिया के लिए मिसाल बन गया। जिसने अपने देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बात कर रहा हूं।”
इसके बाद उन्होंने पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “उन्हें जन्मदिवस की ढेर सारी बधाई। भगवान से प्रार्थना है कि उन्हें वो दीर्घायु प्रदान करें, जिससे वो हम भारतीयों का सीना गर्व से और ऊंचा कर सकें।”
सुनील लहरी ने आगे भारत के विश्वगुरु बनने की कामना भी की। उन्होंने कहा कि वह दीपक की पवित्र ज्योति से प्रधानमंत्री के लिए प्रार्थना कर रहे हैं और उनकी राह में आने वाली सारी बुराइयों के खत्म होने की कामना करते हैं।
वीडियो के साथ लिखे कैप्शन में सुनील लहरी ने पीएम मोदी को “भारत मां का ऐसा सपूत” बताया, जो 76 साल पहले जन्मा और पिछले 25 साल से भारत मां की सेवा कर रहा है। उन्होंने उन्हें “समर्पित राष्ट्र सेवक पुत्र” कहते हुए जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
सुनील लहरी की बातों में प्रधानमंत्री के जन्मस्थान, उनके सार्वजनिक जीवन और देश के लिए उनके योगदान का जिक्र प्रमुखता से रहा। दीप जलाकर दिया गया यह संदेश सोशल मीडिया पर भी चर्चा में आया।