एयरपोर्ट पर बेसुरा ब्रास बैंड सुनकर चौंके अमिताभ बच्चन, राजीव गांधी की शरारत का सोनिया गांधी ने किया जिक्र!
सोनिया गांधी की किताब में अमिताभ बच्चन और राजीव गांधी से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा सामने आया है। इसमें बताया गया है कि राजीव गांधी ने अमिताभ को चिढ़ाने के लिए एयरपोर्ट पर जानबूझकर बेसुरा ब्रास बैंड बजवाया था। दोस्ती और शरारत से भरा यह वाकया अब चर्चा में है।
एयरपोर्ट पर बेसुरा ब्रास बैंड सुनकर चौंके अमिताभ बच्चन, राजीव गांधी की शरारत का सोनिया गांधी ने किया जिक्र!
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की दोस्ती के किस्से एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह सोनिया गांधी की नई किताब 'Belonging: A Journey of Love' है, जिसमें उन्होंने दोनों की दोस्ती से जुड़ा एक ऐसा मजेदार वाकया साझा किया है, जिसे पढ़कर चेहरे पर मुस्कान आ जाएगी। दरअसल, राजीव गांधी ने अपने दोस्त अमिताभ बच्चन को चिढ़ाने के लिए एयरपोर्ट पर कुछ ऐसा इंतजाम किया था, जिसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की होगी।
अमिताभ के स्वागत के लिए बुलाया बेसुरा बैंड
सोनिया गांधी के मुताबिक, उस दौर में राजीव गांधी और अमिताभ बच्चन के बीच गहरी दोस्ती थी। अमिताभ उस समय फिल्मी दुनिया में अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे, जबकि राजीव गांधी राजनीति से दूर थे। एक बार अमिताभ दिल्ली लौट रहे थे। राजीव ने उनका स्वागत करने के लिए एयरपोर्ट पर एक पुराने और खराब हालत वाले ब्रास बैंड का इंतजाम किया। इतना ही नहीं, उन्होंने गेंदे के फूलों की बड़ी-बड़ी मालाएं भी मंगवाई थीं।
जैसे ही अमिताभ एयरपोर्ट पहुंचे, उनके स्वागत में बैंड-बाजे की धुन गूंजने लगी। लेकिन यह कोई सुरीला संगीत नहीं था, बल्कि जानबूझकर बजवाया गया बेसुरा संगीत था। राजीव ने अपने दोस्त की खिंचाई करने के लिए यह पूरा इंतजाम किया था। फूलों की भारी मालाओं और अजीबोगरीब बैंड के साथ किया गया यह स्वागत दोनों की बेफिक्र दोस्ती की झलक दिखाता है।
जब पहली बार भारत आई थीं सोनिया गांधी
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में सिर्फ इस शरारत का ही नहीं, बल्कि बच्चन परिवार के साथ अपने रिश्ते का भी जिक्र किया है। वह 13 जनवरी 1968 को पहली बार इटली से भारत आई थीं। उस समय एयरपोर्ट पर राजीव गांधी, संजय गांधी और अमिताभ बच्चन उन्हें लेने पहुंचे थे। भारत में शुरुआती दिनों के दौरान सोनिया अमिताभ के माता-पिता हरिवंश राय बच्चन और तेजी बच्चन के घर ठहरी थीं।
तेजी बच्चन को मानती थीं मां जैसा
सोनिया ने तेजी बच्चन के स्नेह और सहयोग को भी याद किया है। उन्होंने बताया कि तेजी बच्चन ने उन्हें भारतीय संस्कृति, रीति-रिवाज और यहां के रहन-सहन को समझने में काफी मदद की थी। वहीं, कवि हरिवंश राय बच्चन भी उन्हें समय-समय पर जीवन से जुड़ी अहम सलाह दिया करते थे।
सोनिया की किताब के ये किस्से बताते हैं कि एक समय गांधी और बच्चन परिवार के बीच कितने गहरे पारिवारिक संबंध थे। राजनीति और शोहरत से पहले की यह दोस्ती आज भी पुरानी यादों के रूप में लोगों का ध्यान खींच रही है।