शाहरुख खान को SC से मिली बड़ी राहत, वडोदरा स्टेशन भगदड़ मामले में HC के फैसले को बताया सही
बॉलीवुड कलाकार शाहरुख खान की फिल्म ‘रईस’ के प्रमोशन के दौरान मची भगदड़ में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने शाहरुख खान को बड़ी राहत दी है। बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान इन दिनों अपने शर्टलेस फोटो को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। दरअसल, उन्होंने हाल ही में [.
बॉलीवुड कलाकार शाहरुख खान की फिल्म ‘रईस’ के प्रमोशन के दौरान मची भगदड़ में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने शाहरुख खान को बड़ी राहत दी है।
बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान इन दिनों अपने शर्टलेस फोटो को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। दरअसल, उन्होंने हाल ही में अपनी एक शर्टलेस तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की थी। इस पर फैंस से लेकर सेलिब्रिटीज ने अपनी प्रतिक्रिया दी थी। इसी बीच शाहरुख खान के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। उन्हें 5 साल पुराने भगदड़ मामले में सुप्रीम कोर्ट ने राहत दी है। बताते चलें साल 2017 में शाहरुख खान की फिल्म ‘रईस’ के प्रमोशन के दौरान भगदड़ मच गई थी। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हो गए थे। इसके बाद शाहरुख खान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी।
शाहरुख खान के खिलाफ कांग्रेस नेता ने की थी शिकायत
शाहरुख खान के खिलाफ कांग्रेस नेता जितेंद्र सोलंकी ने स्थानीय कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा कि शाहरुख खान ने फिल्म रईस के नाम वाली टी–शर्ट भीड़ की तरफ फेंकी और भगदड़ मचने से हादसा हो गया। कोर्ट ने शाहरुख को समन जारी किया और उन्होंने इसे गुजरात हाईकोर्ट में चुनौती दी। गुजरात हाई कोर्ट ने अप्रैल 2022 में मामले को रद्द करते हुए कहा कि भगदड़ मचने के कई कारण हैं और किसी एक व्यक्ति को इसके लिए जिम्मेदार ठहरा देना सही नहीं होगा। गुजरात हाई कोर्ट के इस फैसले के खिलाफ जितेंद्र सोलंकी सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे और यहां भी उनकी अपील को खारिज कर दिया गया।
शाहरुख खान ट्रेन से पहुंचे थे वडोदरा
गौरतलब है कि साल 2017 में शाहरुख अपनी फिल्म ‘रईस’ के प्रमोशन के लिए ट्रेन से वड़ोदरा पहुंचे थे। वड़ोदरा स्टेशन पर शाहरुख खान को देखने के लिए भारी संख्या में भीड़ उमड़ पड़ी थी और भगदड़ की स्थिति बन गई। इस दौरान फरीद खान नाम के एक शख्स की जान चली गई और कई लोग घायल हो गए। बताया जाता है कि फरीद खान अपने किसी रिश्तेदार को स्टेशन पर छोड़ने आए थे और भगदड़ के दौरान उनकी मौत हो गई।