‘सिंदूर लगाने से धर्म नहीं बदलता’, करवा चौथ पर ट्रोल हुईं ‘महाभारत’ की कुंती शफक नाज, कुरान से दिया जवाब!

टीवी एक्ट्रेस शफक नाज, जिन्हें ‘महाभारत’ में कुंती के किरदार से घर-घर पहचान मिली, करवा चौथ मनाने को लेकर चर्चा में हैं। सिंदूर लगाने और व्रत रखने पर कुछ लोगों ने उन्हें ट्रोल किया, जिसके बाद एक्ट्रेस ने कुरान का हवाला देते हुए अपनी बात रखी और साफ किया कि सिंदूर लगाने से किसी का धर्म नहीं बदल जाता।

By ·

टीवी एक्ट्रेस शफक नाज अपने करवा चौथ सेलिब्रेशन को लेकर चर्चा में हैं। ‘महाभारत’ में कुंती का किरदार निभाकर पहचान बनाने वाली शफक ने पति जीशान के साथ त्योहार की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। लाल साड़ी, चूड़ियां और मांग में सिंदूर लगाए एक्ट्रेस खूबसूरत नजर आईं। तस्वीरों में वह पूजा के दौरान छलनी पकड़े भी दिखाई दीं। पोस्ट के साथ उन्होंने पति के लिए प्यार भरा संदेश लिखा।

हालांकि, तस्वीरें सामने आते ही कुछ यूजर्स ने त्योहार मनाने और सिंदूर लगाने पर सवाल उठाए। कुछ लोगों ने उनकी धार्मिक पहचान पर टिप्पणी की और उन्हें ट्रोल किया। इसके बाद शफक ने वीडियो के जरिए आलोचकों को जवाब दिया। उन्होंने साफ किया कि उनके पति जीशान भी मुस्लिम हैं। एक्ट्रेस ने सवाल उठाया कि सिंदूर लगाने या दूसरे समुदाय का त्योहार मनाने से किसी का धर्म कैसे बदल सकता है?

शफक ने पूछा कि क्या उनका धर्म इतना कमजोर है कि दूसरी संस्कृति का त्योहार मनाने से उनकी आस्था बदल जाएगी? उन्होंने भारत की सांस्कृतिक विविधता को खूबसूरत बताते हुए कहा कि यहां अलग-अलग धर्मों के लोग साथ रहते हैं। वह पहले भी होली, दिवाली और रक्षाबंधन जैसे त्योहार मनाती रही हैं और उन्हें कभी इसे छिपाने की जरूरत महसूस नहीं हुई।

https://www.instagram.com/reel/DfO0g7axPBQ/?psln=MXgwdXhjeHFmaWI3Yg==

एक्ट्रेस ने जवाब में कुरान और दूसरे धार्मिक ग्रंथों का भी जिक्र किया। उनका कहना था कि सभी धर्म दूसरों की आस्था का सम्मान करना सिखाते हैं, किसी का अपमान करना नहीं। उन्होंने कहा कि धर्म निजी मामला है। वह कितनी नमाज पढ़ती हैं या कितना रोजा रखती हैं, इसका हिसाब किसी को देने की जरूरत नहीं। हर व्यक्ति को अपनी मान्यताओं के मुताबिक जीने की आजादी होनी चाहिए।

शफक ने साफ कर दिया कि वह आगे भी अपनी पसंद से त्योहार मनाएंगी और ईद के साथ दिवाली-होली की तस्वीरें साझा करेंगी। जिन्हें उनका तरीका पसंद नहीं, वे उन्हें अनफॉलो कर सकते हैं। वह कॉमेडी शो 'चिड़ियाघर' में मयूरी भी बनी थीं।

Hindi Behind Talkies AMP · त्वरित दृश्य
पूरा लेख देखें