'रामायण' की सफलता के बीच भक्ति में डूबीं साई पल्लवी, पुट्टपर्थी में महिला भक्तों संग पैदल चलीं!

'रामायण' की अपार सफलता के बीच एक्ट्रेस साई पल्लवी का आध्यात्मिक अंदाज चर्चा में है। वह आंध्र प्रदेश के पुट्टपर्थी पहुंचीं, जहां भजन-कीर्तन में लीन नजर आईं। इतना ही नहीं, उन्होंने महिला भक्तों के साथ पैदल चलकर सबका ध्यान खींच लिया।

By ·

'रामायण' की सफलता के बीच अभिनेत्री साई पल्लवी का आध्यात्मिक अंदाज चर्चा में है। माता सीता का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस आंध्र प्रदेश के पुट्टपर्थी में श्री सत्य साईं बाबा की 100वीं जयंती के शताब्दी समारोह में शामिल हुईं।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में साई पल्लवी प्रशांति निलयम के साई कुलवंत हॉल में भक्तों के साथ बैठकर प्रार्थना करती नजर आ रही हैं। वह आंखें बंद कर भजन में लीन हैं। कुछ क्लिप में वह भक्तों के साथ सुर मिलाकर गाती दिखाई देती हैं। यह अंदाज फैंस को पसंद आ रहा है।

महिला भक्तों के साथ चलीं साई पल्लवी

समारोह का एक और वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है। इसमें साई पल्लवी साधारण सलवार-सूट पहने महिला भक्तों के समूह के साथ आगे-आगे पैदल चलती नजर आ रही हैं। सभी भजन गाते हुए आगे बढ़ रहे हैं और एक्ट्रेस भी उनके साथ सुर मिलाती दिख रही हैं। समारोह के लिए पुट्टपर्थी को झंडों से सजाया गया है।

https://x.com/jagadeesh_49/status/2124539065152512359/video/2?a=rEa6Hcs-aMXJweGK60g&s=19

रविवार शाम को उनकी मौजूदगी की खबर सुनकर प्रशंसक प्रार्थना हॉल के बाहर जमा हो गए। बाहर आकर एक्ट्रेस ने हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया और मिलने पहुंचे लोगों का शुक्रिया अदा किया। इस दौरान वह रेशमी साड़ी में नजर आईं।

साईं बाबा से है पुराना नाता

साई पल्लवी का श्री सत्य साईं बाबा से जुड़ाव पुराना है। पिछले साल जयंती समारोह में उन्होंने बताया था कि उनका परिवार लंबे समय से बाबा का भक्त है और बाबा ने ही उनका नाम ‘साई’ रखा था। जॉर्जिया में मेडिकल की पढ़ाई के दौरान घर की याद आने पर वह रेडियो साई सुना करती थीं।

वहीं, नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में साई पल्लवी सीता की भूमिका निभा रही हैं। फिल्म में रणबीर कपूर राम और यश रावण बने हैं। रिलीज के बाद फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है। ऐसे में पुट्टपर्थी में उनका भक्ति भरा रूप फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गया है।

Hindi Behind Talkies AMP · त्वरित दृश्य
पूरा लेख देखें