रवि किशन-मनोज तिवारी की लड़ाई में बीच-बचाव करने पहुंचे निरहुआ को पड़ी मार! आम्रपाली ने खोला पुराना राज

भोजपुरी सिनेमा के दो बड़े सितारों रवि किशन और मनोज तिवारी के बीच एक दौर में हुए विवाद का किस्सा अब आम्रपाली दुबे ने सुनाया है। एक्ट्रेस ने बताया कि दोनों की लड़ाई सुलझाने की कोशिश में निरहुआ को भी मार खानी पड़ी थी।

By ·

भोजपुरी सिनेमा के दो दिग्गज सितारों रवि किशन और मनोज तिवारी की पुरानी राइवलरी का एक दिलचस्प किस्सा इन दिनों चर्चा में है। ‘बिग बॉस 20’ में नजर आ रहीं एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे ने दोनों से जुड़ा ऐसा वाकया सुनाया, जिसे सुनकर घर में मौजूद लोग भी हंस पड़े। आम्रपाली के मुताबिक, एक फिल्म की शूटिंग के दौरान दोनों के बीच सिर्फ एक फाइट सीन को लेकर ऐसी बहस हुई कि करीब 6 घंटे तक शूटिंग रुकी रही।

आम्रपाली ने बताया कि फिल्म में रवि किशन और मनोज तिवारी आमने-सामने थे और दोनों को एक फाइट सीक्वेंस शूट करना था। असली पेंच इस बात पर फंस गया कि सीन में पहला मुक्का कौन मारेगा। मनोज तिवारी का तर्क था कि उनके किरदार की पुलिस वहां पहुंची है, इसलिए पहला वार वही करेंगे। दूसरी तरफ रवि किशन अपने किरदार और पिछले डायलॉग का हवाला देते हुए पहले मुक्का खाने को तैयार नहीं थे। देखते ही देखते यह बहस लंबी हो गई और शूटिंग करीब छह घंटे तक अटकी रही।

जब मामला नहीं सुलझा तो दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ ने बीच में आने का फैसला किया। आम्रपाली के मुताबिक, निरहुआ ने सुझाव दिया कि दोनों एक साथ मुक्का चलाएं और वह बीच में खड़े हो जाएंगे। यानी पहला मुक्का निरहुआ खाएंगे और उसके बाद दोनों के बीच फाइट सीन शुरू होगा। उनके इस ‘जुगाड़’ से आखिरकार शूटिंग दोबारा शुरू हो सकी।

यह किस्सा भोजपुरी फिल्म ‘गंगा जमुना सरस्वती’ से जुड़ा बताया गया है, जो 2011 में रिलीज हुई थी। फिल्म में रवि किशन, मनोज तिवारी और दिनेश लाल यादव अहम भूमिकाओं में थे। आम्रपाली की कहानी ने एक बार फिर भोजपुरी सिनेमा के उस दौर की पर्दे के पीछे की हलचल को सुर्खियों में ला दिया है।

Hindi Behind Talkies AMP · त्वरित दृश्य
पूरा लेख देखें