तिरुमाला मंदिर पहुंचे रश्मिका-विजय देवरकोंडा, भीड़ में थामा एक-दूजे का हाथ, CM विजय के भी हुए मुरीद
रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा हाल ही में तिरुमाला मंदिर में दर्शन करने पहुंचे, जहां दोनों की एक झलक पाने के लिए फैंस की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ के बीच विजय ने रश्मिका का हाथ थाम लिया। वहीं, सीएम विजय के प्रति दोनों का मुरीद होना भी चर्चा में है।
तिरुमाला मंदिर पहुंचे रश्मिका-विजय देवरकोंडा, भीड़ में थामा एक-दूजे का हाथ, CM विजय के भी हुए मुरीद
साउथ सिनेमा की चर्चित जोड़ी रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा एक बार फिर सुर्खियों में है। मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को दोनों आंध्र प्रदेश के तिरुमाला वेंकटेश्वर मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। इस दौरान मंदिर के बाहर फैंस की भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ के बीच विजय अपनी पत्नी रश्मिका का ख्याल रखते नजर आए। वहीं, इससे पहले दोनों ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता थलपति विजय से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद दोनों ने उनकी जमकर तारीफ भी की।
मंदिर में उमड़ी फैंस की भीड़, रश्मिका को संभालते दिखे विजय
रश्मिका और विजय सुबह-सुबह भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन करने तिरुमाला पहुंचे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों ने विशेष पूजा में हिस्सा लिया और भगवान का आशीर्वाद लिया। मंदिर दर्शन के लिए रश्मिका पीले रंग की सिल्क साड़ी और गुलाबी ब्लाउज में बेहद खूबसूरत नजर आईं। वहीं, विजय सफेद रंग के पारंपरिक सिल्क कुर्ते और धोती में दिखाई दिए।
दर्शन के बाद जब दोनों बाहर निकले, तो उनकी एक झलक पाने के लिए प्रशंसकों की भीड़ जुट गई। तस्वीरें खिंचवाने और अपने पसंदीदा सितारों के साथ पल बिताने के लिए लोग उत्साहित दिखे। इसी दौरान विजय रश्मिका को भीड़ से सुरक्षित निकालते और अपने करीब रखते नजर आए। दोनों के इस अंदाज के वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गए हैं।
CM विजय से मुलाकात के बाद की तारीफ
तिरुमाला मंदिर जाने से पहले रश्मिका और विजय चेन्नई में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय से मिले थे। मुलाकात के बाद रश्मिका ने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि लंबे समय तक विजय की प्रशंसक रहने से लेकर उनके साथ काम करने और अब मुख्यमंत्री के रूप में उनकी सराहना करने तक का सफर उनके लिए खास है। अभिनेत्री ने उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
वहीं, विजय देवरकोंडा ने भी इस मुलाकात को बेहद खूबसूरत अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि थलपति विजय ने व्यस्त दिन के बावजूद उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और जीवन, काम तथा दुनिया को लेकर अपने विचार साझा किए। विजय देवरकोंडा ने उन्हें अपना पसंदीदा बताते हुए उनके प्रति सम्मान जाहिर किया।
रिलीज से पहले 'रणबाली' को लेकर उत्साह
रश्मिका और विजय इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'रणबाली' को लेकर भी चर्चा में हैं। राहुल सांकृत्यायन के निर्देशन में बनी यह पीरियड ड्रामा फिल्म 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में दोनों एक बार फिर साथ नजर आएंगे। इससे पहले उनकी जोड़ी 'गीता गोविंदम' और 'डियर कॉमरेड' में दर्शकों का दिल जीत चुकी है।
फिल्म की रिलीज से पहले मंदिर में दर्शन और मुख्यमंत्री से मुलाकात ने दोनों को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। खासकर भीड़ के बीच विजय का रश्मिका को संभालना प्रशंसकों का ध्यान खींच रहा है। अब देखना होगा कि पर्दे पर उनकी जोड़ी और 'रणबाली' की कहानी दर्शकों को कितना पसंद आती है।