‘रामायणम्’ में होगा राहा कपूर का डेब्यू? 4 साल की बेटी को लेकर रणबीर कपूर ने किया बड़ा खुलासा!
बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायणम्’ रिलीज से पहले ही लगातार सुर्खियों में है। इस बीच फिल्म को लेकर एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है। चर्चा है कि रणबीर और आलिया भट्ट की लाडली बेटी राहा कपूर भी इस मेगा बजट फिल्म का हिस्सा बन सकती हैं। महज 4 साल की उम्र में ₹2000 करोड़ की फिल्म से उनका डेब्यू होगा या नहीं, इसे लेकर रणबीर कपूर ने खुद बड़ा खुलासा किया है।
बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर इन दिनों अपनी फिल्म ‘रामायणम्: पार्ट वन’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। रिलीज से पहले उन्होंने बेटी राहा कपूर को लेकर ऐसा खुलासा किया है, जिसने फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है। रणबीर के मुताबिक, राहा सिर्फ सेट पर घूमने नहीं आती थीं, बल्कि उन्होंने शूटिंग के दौरान एक शॉट भी दिया है।
बीबीसी न्यूज इंडिया से बातचीत में रणबीर ने बताया कि वह और आलिया भट्ट घर पर राहा को रामायण की कहानियां सुनाते थे। इस वजह से छोटी उम्र में ही उनकी बेटी की इस पौराणिक कथा में दिलचस्पी पैदा हो गई। राहा कई बार फिल्म के सेट पर पहुंचीं और वहां का माहौल देखा। रणबीर ने बताया कि राहा ने साई पल्लवी, जो फिल्म में सीता का किरदार निभा रही हैं, और लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाले रवि दुबे के साथ भी एक शॉट दिया। अभिनेता ने कहा कि राहा भी इस यात्रा का हिस्सा बन गईं।
रणबीर के इस बयान के बाद राहा के कैमियो और फिल्मी डेब्यू को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, उनके शॉट की पूरी जानकारी या फिल्म में वह किस रूप में दिखाई देंगी, इसे लेकर अभी जानकारी सामने नहीं आई है। दर्शकों की नजरें फिल्म पर टिकी हैं।
रणबीर ने बताया कि ‘रामायण’ की कहानी उनके जीवन के खास दौर में उनके पास आई थी। वह उस समय पिता बने थे और खुद को बेहतर इंसान बनाने के बारे में सोच रहे थे। उनके लिए भगवान राम का किरदार निभाना निजी तौर पर बदलाव भरा अनुभव रहा।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायणम्: पार्ट वन’ में रणबीर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म 5 नवंबर 2026 को रिलीज होगी। खास बात यह है कि रिलीज के अगले दिन, 6 नवंबर को राहा का चौथा जन्मदिन है। यानी रणबीर के लिए यह मौका दोहरी खुशी लेकर आ रहा है।