प्रीति जिंटा के ‘टीम मुंढे’ पर IAS तुकाराम की दो टूक, बोले- टी-शर्ट नहीं, जमीनी काम करिए
प्रीति जिंटा के ‘टीम मुंढे’ अभियान को लेकर IAS अधिकारी तुकाराम मुंढे ने दो टूक प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सिर्फ टी-शर्ट पहनने या सोशल मीडिया पर समर्थन दिखाने से बदलाव नहीं आएगा, बल्कि लोगों को जमीनी स्तर पर काम करने की जरूरत है।
बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रीति जिंटा इन दिनों अपनी एक खास टी-शर्ट को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्हें मुंबई में काले रंग की टी-शर्ट पहने देखा गया, जिस पर ‘Team Tukaram Mundhe’ लिखा था। इस अंदाज के जरिए उन्होंने महाराष्ट्र के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) कमिश्नर तुकाराम मुंढे के फूड सेफ्टी अभियान के प्रति सार्वजनिक समर्थन जताया। प्रीति ने इस दौरान कहा था कि ‘रियल हीरोज’ को सेलिब्रेट करने का समय आ गया है।
अब तुकाराम मुंढे ने प्रीति जिंटा के इस सपोर्ट पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अभिनेत्री के जेस्चर के लिए आभार जताया, लेकिन साथ ही साफ कर दिया कि किसी अभियान का समर्थन केवल सोशल मीडिया पोस्ट या टी-शर्ट तक सीमित नहीं रहना चाहिए। PTI से बातचीत में उन्होंने बताया कि उनकी प्रीति से न व्यक्तिगत मुलाकात हुई है और न ही फोन पर बातचीत हुई है, लेकिन वह उनके सार्वजनिक समर्थन के लिए आभारी हैं।
तुकाराम मुंढे ने कहा कि समाज के हर वर्ग और हर क्षेत्र में अच्छे इरादों वाले लोग मौजूद हैं। उनके मुताबिक ऐसे लोगों को अच्छे विचारों और सामाजिक मुद्दों के लिए एकजुट होकर काम करना चाहिए। उन्होंने खास तौर पर कहा कि ‘Team Tukaram Mundhe’ लिखी टी-शर्ट पहनना भर काफी नहीं है, बल्कि असल काम करना और सही सोच अपनाना जरूरी है।
मुंढे ने फूड सेफ्टी को केवल प्रशासन की जिम्मेदारी मानने के बजाय इसे सामूहिक प्रयास बताया। उन्होंने नागरिकों से मिलावटी, असुरक्षित या स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक खाने-पीने की चीजों को लेकर सतर्क रहने की अपील की। उनका कहना है कि हर नागरिक को अपने स्तर पर गलत चीजों को रोकने और उनकी जानकारी देने में भूमिका निभानी चाहिए।
प्रीति के अलावा मल्लिका शेरावत समेत कुछ अन्य बॉलीवुड हस्तियों ने भी तुकाराम मुंढे के फूड सेफ्टी अभियान की सराहना की है। ऐसे में मुंढे का संदेश साफ है—समर्थन तभी सार्थक होगा, जब वह जागरूकता से आगे बढ़कर वास्तविक कार्रवाई में बदले।