परमीत सेठी ने सुनील पाल को लगाई फटकार, बोले- ‘गालियां खाकर भी हंसते हो, फिर शिकायत क्यों?’
सुनील पाल की ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ को लेकर आपत्ति पर परमीत सेठी ने पलटवार किया। उन्होंने सुनील के समय रैना के साथ काम करने का हवाला देते हुए पूछा कि अगर गालियां इतनी बुरी लगती हैं, तो उनके साथ काम क्यों किया?
परमीत सेठी ने सुनील पाल को दिया करारा जवाब, बोले- ‘गालियां खाकर भी साथ काम किया’
कॉमेडियन सुनील पाल की ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ में अर्चना पूरन सिंह की मौजूदगी पर की गई आलोचना अब नया मोड़ ले चुकी है। शो में अर्चना के पति परमीत सेठी और उनके बेटों पर किए गए मजाक को लेकर सुनील पाल ने आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा था कि शो में अर्चना के परिवार का अपमान हुआ और उन्हें ऐसे प्लेटफॉर्म से दूरी बनानी चाहिए।
सुनील ने अपने सोशल मीडिया वीडियो में अर्चना को ‘गुरु’ बताते हुए कहा कि उन्हें यह देखकर बुरा लगा कि उनके बेटों को ‘नल्ला’ और पति परमीत सेठी को ‘बेरोजगार’ कहा गया। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि अर्चना जैसी स्थापित कलाकार को ऐसे शो में जाने की जरूरत क्यों पड़ी।
अब परमीत सेठी ने सुनील पाल की इस चिंता पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। परमीत ने पूछा कि जब सुनील खुद समय रैना के साथ काम कर चुके हैं, तो अब इस तरह की आलोचना क्यों कर रहे हैं। उनका तंज था—‘तूने इतनी गालियां खाकर उसके साथ ऐड क्यों किया?’ यह बयान सामने आते ही विवाद और दिलचस्प हो गया है।
दरअसल, शो के दौरान समय रैना ने अर्चना के पति और बेटों को लेकर मजाक किया था। हालांकि अर्चना ने बाद में साफ किया कि उन्हें इस मजाक से कोई व्यक्तिगत आपत्ति नहीं है। उनका कहना है कि समय का मकसद किसी को ठेस पहुंचाना नहीं, बल्कि उस पल को मजेदार बनाना था। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में जाने का कोई पछतावा नहीं है।
अर्चना के बेटे आर्यमन सेठी ने भी समय का बचाव करते हुए कहा कि मजाक का इरादा परिवार को चोट पहुंचाना नहीं था। ऐसे में सुनील पाल की आपत्ति के बाद अब सेठी परिवार का रुख बिल्कुल अलग नजर आ रहा है।
इस पूरे विवाद ने सोशल मीडिया पर कॉमेडी की सीमाओं, मजाक और व्यक्तिगत अपमान के बीच फर्क को लेकर नई बहस छेड़ दी है।