‘काजी के लिए वोट करेंगे उमर अब्दुल्ला’, CM बोले- ‘फेम गुरुकुल’ से जानता हूं, सिंगर को दिया खुला समर्थन!
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सिंगर काजी के समर्थन में अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि वह काजी को वोट जरूर करेंगे और उन्हें सिंगिंग रियलिटी शो ‘फेम गुरुकुल’ के दिनों से जानते हैं। CM के इस बयान के बाद काजी एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं।
‘काजी के लिए वोट करेंगे उमर अब्दुल्ला’, CM बोले- ‘फेम गुरुकुल’ से जानता हूं, सिंगर को दिया खुला समर्थन!
टीवी के सबसे चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में इन दिनों कंटेस्टेंट्स के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल रहा है। शो में कोई अपने झगड़ों को लेकर सुर्खियां बटोर रहा है, तो कोई अपने अलग अंदाज से दर्शकों का दिल जीत रहा है। इस बीच कश्मीरी सिंगर काजी तौकीर को एक खास शख्स का समर्थन मिला है। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने काजी की तारीफ करते हुए उन्हें वोट देने की इच्छा जाहिर की है। उनके इस बयान ने मनोरंजन जगत में भी खूब चर्चा बटोर ली है।
पॉडकास्ट में किया काजी का जिक्र
दरअसल, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला हाल ही में पत्रकार और टीवी एंकर शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट में पहुंचे थे। इस बातचीत के दौरान उनसे ‘बिग बॉस 20’ और शो में नजर आ रहे कश्मीरी कंटेस्टेंट काजी तौकीर के बारे में सवाल किया गया। इस पर उमर अब्दुल्ला ने तुरंत काजी का नाम लिया और बताया कि वह उन्हें पहले से जानते हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने काजी को एक-दो कॉन्सर्ट में देखा है और उनकी आवाज काफी अच्छी है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि उन्होंने अखबारों में काजी के बारे में पढ़ा है।
'मैं उन्हें वोट करूंगा'
बातचीत के दौरान जब शुभांकर मिश्रा ने बताया कि काजी पहले सिंगिंग रियलिटी शो ‘फेम गुरुकुल’ जीत चुके हैं, तो मुख्यमंत्री को उनके पुराने दिनों की याद आ गई। उन्होंने कहा कि काजी ने अचानक ‘फेम गुरुकुल’ जीतकर अपनी पहचान बनाई थी। इसके बाद जब उन्हें पता चला कि ‘बिग बॉस’ में पब्लिक वोटिंग होती है, तो उन्होंने साफ कहा कि वह काजी को वोट जरूर करेंगे।
रणजी ट्रॉफी के बाद बिग बॉस की ट्रॉफी की उम्मीद
उमर अब्दुल्ला ने काजी की जीत को जम्मू-कश्मीर के लिए गर्व का मौका बताया। उन्होंने राज्य की हालिया रणजी ट्रॉफी जीत का जिक्र करते हुए कहा कि पहले हमने रणजी ट्रॉफी जीती और अब अगर बिग बॉस भी जीत जाएं, तो बहुत अच्छी बात होगी। मुख्यमंत्री की इस बात से साफ है कि वह काजी को शो में आगे बढ़ते देखना चाहते हैं।
सलमान खान की फटकार का भी किया जिक्र
पॉडकास्ट में उमर अब्दुल्ला ने शो के अंदर काजी से जुड़े विवादों पर भी बात की। उन्होंने सलमान खान द्वारा वीकेंड का वार में काजी को फटकार लगाए जाने का जिक्र किया। दरअसल, कनिका मान के साथ एक बातचीत के दौरान काजी की टिप्पणी पर विवाद हुआ था, जिसके बाद सलमान ने उन्हें अपनी बात और व्यवहार को लेकर समझाया था।
2005 में जीता था ‘फेम गुरुकुल’
बता दें कि काजी तौकीर ने साल 2005 में सिंगिंग रियलिटी शो ‘फेम गुरुकुल’ जीतकर देशभर में पहचान बनाई थी। इस शो में अरिजीत सिंह भी प्रतियोगी थे। काजी ने रुपरेखा बनर्जी के साथ जीत हासिल की थी। इसके बाद उनका म्यूजिक एल्बम ‘ये पल’ रिलीज हुआ। अब ‘बिग बॉस 20’ के जरिए वह एक बार फिर दर्शकों के बीच अपनी पहचान मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में उमर अब्दुल्ला का समर्थन उनके लिए खास मायने रखता है।