‘मैं टी-सीरीज के वीजा पर आई थी’, नोरा फतेही ने कोर्ट में दिया बयान, सुकेश की पत्नी से जुड़ा बड़ा खुलासा

सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े मामले में नोरा फतेही ने कोर्ट में अपना पक्ष रखते हुए कई अहम खुलासे किए। एक्ट्रेस ने बताया कि वह टी-सीरीज के एम्प्लॉयमेंट वीजा पर भारत आई थीं। साथ ही उन्होंने खुलासा किया कि सुकेश की पत्नी ने उन्हें एक चैरिटी इवेंट में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था।

By ·

बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही ने सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के कथित उगाही मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में बयान दर्ज कराया। शुक्रवार, 6 नवंबर को गवाह के तौर पर पेश हुईं नोरा ने विस्तार से बताया कि वह भारत में टी-सीरीज के एम्प्लॉयमेंट वीजा पर रह रही थीं।

लीना ने इवेंट के लिए किया था बुक

नोरा के मुताबिक, दिसंबर 2020 में उन्हें चेन्नई में चैरिटी इवेंट के लिए बुक किया गया था। इसकी आयोजक लीना पॉलोस थीं और बुकिंग एक्सीड एंटरटेनमेंट एजेंसी के जरिए हुई थी। नोरा ने बताया कि वह कार्यक्रम में कलाकार के तौर पर शामिल हुई थीं और लीना से पहली बार वहीं मिली थीं।

कार्यक्रम के लिए नहीं मिली फीस

अभिनेत्री ने अदालत को बताया कि इस कार्यक्रम के लिए उन्हें कोई फीस नहीं मिली थी। हालांकि, यात्रा और टीम का खर्च आयोजकों ने उठाया था। कार्यक्रम से पहले टीम ने बताया कि लीना उनसे मिलना चाहती हैं। इसके बाद लीना कुछ लोगों और दो वीडियोग्राफरों के साथ उनके कमरे में पहुंचीं। उनके पास उपहार भी थे।

फोन पर हुई सुकेश से पहली बातचीत

नोरा के बयान के अनुसार, लीना ने खुद को नेल आर्टिस्ट्री सैलून की मालकिन बताया और कहा कि उनके पति उनसे बात करना चाहते हैं। इसके बाद उन्होंने सुकेश को फोन किया। नोरा ने बताया कि सुकेश ने कार्यक्रम में आने के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि वह तथा उनका परिवार उनके प्रशंसक हैं। बातचीत के दौरान लीना ने उन्हें कार गिफ्ट करने की बात कही। सुकेश ने भी कार स्वीकार करने का आग्रह किया।

इसके बाद नोरा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बनीं और डांस प्रतियोगिता को जज किया। उन्होंने दिव्यांग बच्चों के परिवारों को लिफाफे देने की बात भी जांच एजेंसियों को बताई थी। इस मामले में नोरा आरोपी नहीं, बल्कि गवाह हैं। अदालत ने उनका बाकी बयान दर्ज करने के लिए 30 नवंबर की तारीख तय की है।

Hindi Behind Talkies AMP · त्वरित दृश्य
पूरा लेख देखें