'रामायणम्' देखकर भड़के महाभारत के कृष्ण नीतीश भारद्वाज, बोले- बहुत दुखी हूं, तारीफ वापस लेता हूं!
'रामायणम् पार्ट 1' को लेकर अब 'महाभारत' में श्रीकृष्ण का किरदार निभाने वाले नीतीश भारद्वाज ने नाराजगी जाहिर की है। फिल्म देखने के बाद उन्होंने निराशा जताते हुए कहा कि वह अपनी पहले की तारीफ वापस लेते हैं। उनके इस बयान ने फिल्म को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
रामायण देखकर भड़के 'महाभारत' के कृष्ण नीतीश भारद्वाज, बोले- बहुत दुखी हूं, तारीफ वापस लेता हूं!
रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की फिल्म 'रामायणम् पार्ट 1' रिलीज के बाद से ही लगातार चर्चा में है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है, लेकिन अब इसकी कहानी और किरदारों के चित्रण को लेकर एक नई बहस छिड़ गई है। बीआर चोपड़ा के मशहूर टीवी सीरियल 'महाभारत' में भगवान श्रीकृष्ण का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता नीतीश भारद्वाज ने फिल्म को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की है।
पहले बताया था ऑस्कर विनर, अब तारीफ ली वापस
दिलचस्प बात यह है कि नीतीश भारद्वाज ने फिल्म का ट्रेलर देखने के बाद इसकी जमकर तारीफ की थी। उन्होंने निर्देशक नितेश तिवारी की तारीफ करते हुए यहां तक भविष्यवाणी कर दी थी कि यह फिल्म बेस्ट फॉरेन फिल्म कैटेगरी में ऑस्कर जीत सकती है। उन्होंने फिल्म के भव्य निर्माण, विजुअल इफेक्ट्स और सिनेमैटोग्राफी की भी सराहना की थी। लेकिन पूरी फिल्म देखने के बाद उनका नजरिया पूरी तरह बदल गया।
रावण के किरदार पर उठाए सवाल
नीतीश भारद्वाज की नाराजगी की सबसे बड़ी वजह फिल्म में यश द्वारा निभाए गए रावण के किरदार का चित्रण है। अभिनेता का मानना है कि फिल्म में रावण को बेहद उदार, न्यायप्रिय और सामाजिक रूप से निष्पक्ष शासक के तौर पर दिखाना रामायण के मूल नैतिक संदेश को बदलने जैसा है।
उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि रामायण सिर्फ एक कहानी नहीं, बल्कि भारत की सभ्यतागत और आध्यात्मिक चेतना का अहम हिस्सा है। इसके नायक, नायिका और खलनायक सभी का अपना महत्व है और उनके चरित्रों को मनमाने तरीके से दोबारा परिभाषित नहीं किया जाना चाहिए।
VFX से नहीं बदल सकते महाकाव्य के मूल मूल्य
अभिनेता ने आगे लिखा कि भगवान विष्णु ने धर्म, परंपरा और मर्यादा की स्थापना के लिए राम अवतार लिया था। ऐसे में रावण को असाधारण रूप से उदार और न्यायप्रिय दिखाना उनके मुताबिक रामायण के मूल उद्देश्य को कमजोर करता है।
उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा, 'मैं इस फिल्म से बहुत दुखी और निराश हूं। मैं अपनी पहले की तारीफ वापस लेता हूं।' उन्होंने यह भी कहा कि शानदार VFX कभी भी किसी महाकाव्य के मूल्यों, दार्शनिक गहराई और आध्यात्मिक सार की जगह नहीं ले सकते।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने पर भी सवाल
नीतीश का मानना है कि फिल्म भारत के इतिहास, विरासत और आध्यात्मिक मूल्यों को सही तरीके से पेश नहीं करती। इसलिए उनके अनुसार यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय सिनेमा का प्रतिनिधित्व करने योग्य नहीं है। अब उनके इस बयान के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच भी नई बहस शुरू हो गई है।