'रामायणम्' में उर्मिला को क्यों किया नजरअंदाज? नमिता थापर ने हाउसवाइफ से की लक्ष्मण की पत्नी की तुलना!

शार्क टैंक इंडिया की जज नमिता थापर ने फिल्म 'रामायणम्' में उर्मिला के किरदार को नजरअंदाज किए जाने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने लक्ष्मण की पत्नी उर्मिला की तुलना हाउसवाइफ से करते हुए महिलाओं के त्याग, संघर्ष और अनदेखे योगदान पर अपनी बात रखी। उनका यह बयान अब चर्चा में है।

By ·

'रामायणम्' में उर्मिला को क्यों किया नजरअंदाज? नमिता थापर ने हाउसवाइफ से की लक्ष्मण की पत्नी की तुलना!

रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की फिल्म 'रामायणम्' रिलीज के बाद से ही लगातार सुर्खियों में है। फिल्म की कहानी और किरदारों को लेकर दर्शकों के बीच खूब चर्चा हो रही है। इसी बीच 'शार्क टैंक इंडिया' की जज और बिजनेसवुमन नमिता थापर ने लक्ष्मण की पत्नी उर्मिला के बहाने आज की गृहिणियों के संघर्ष और त्याग पर एक अहम सवाल उठाया है। उनका कहना है कि जिस तरह रामायण में उर्मिला के योगदान को अक्सर भुला दिया जाता है, उसी तरह घर संभालने वाली महिलाओं की मेहनत को भी समाज पर्याप्त महत्व नहीं देता।

मां के त्याग को याद कर भावुक हुईं नमिता

https://www.instagram.com/reel/DfOyUyNKVrM/?mdxt=MXhvazJjbnd0Nm95aw==

नमिता थापर ने लिंक्डइन पर 'Unappreciated Housewives' शीर्षक से एक पोस्ट शेयर की। इसमें उन्होंने बताया कि फिल्म देखने के बाद उन्हें सबसे पहले लक्ष्मण की पत्नी उर्मिला का ख्याल आया। उन्होंने लिखा कि उन्हें शुरुआत में उर्मिला का नाम तक याद नहीं आया, जबकि उनके त्याग और बलिदान का जिक्र भी अक्सर नहीं होता। नमिता ने इसकी तुलना आज की गृहिणियों की जिंदगी से की।

उन्होंने अपनी मां के संघर्षों को याद करते हुए बताया कि उनकी मां की शादी महज 19 साल की उम्र में हो गई थी और 21 साल की उम्र में वह मां बन गई थीं। उनकी मां एयर होस्टेस बनकर दुनिया घूमना चाहती थीं, लेकिन शादी के बाद उन्होंने अपना यह सपना छोड़ दिया। इतना ही नहीं, फ्रेंच में एमए की पढ़ाई भी बीच में ही छोड़नी पड़ी।

'न वेतन, न छुट्टी, न कोई अवॉर्ड'

नमिता ने अपनी पोस्ट में गृहिणियों की जिंदगी की मुश्किलों को बयां करते हुए लिखा कि उन्हें घर संभालने के बदले न कोई वेतन मिलता है, न छुट्टियां और न ही कोई अवॉर्ड। इसके बावजूद उनसे परिवार की हर जरूरत पूरी करने की उम्मीद की जाती है। उन्होंने बताया कि कई महिलाएं बीमार होने के बावजूद बिना शिकायत किए घर के काम करती रहती हैं। बच्चों के बड़े होकर दूर चले जाने के बाद कई गृहिणियां अकेलेपन का सामना भी करती हैं।

गृहिणियों को दी खुद के लिए जीने की सलाह

नमिता ने महिलाओं से अपील की कि वे दूसरों से अपनी मेहनत की तारीफ का इंतजार करने के बजाय खुद के लिए आवाज उठाएं। उन्होंने गृहिणियों को अपने शौक पूरे करने, दोस्तों के साथ घूमने और अपनी जरूरतों को प्राथमिकता देने की सलाह दी। साथ ही बच्चों को घर के कामों में हाथ बंटाना सिखाने की बात भी कही।

फिल्म में कौन बनी हैं उर्मिला?

गौरतलब है कि नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायणम्' में उर्मिला का किरदार एक्ट्रेस सोनिया बलानी निभा रही हैं। वहीं रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आ रहे हैं। नमिता का सवाल फिल्म से ज्यादा उर्मिला के उस त्याग और योगदान को लेकर है, जिसे रामायण की लोकप्रिय चर्चाओं में अक्सर पर्याप्त जगह नहीं मिलती।

नमिता ने आखिर में कामकाजी लोगों से भी अपील की कि वे अपने आसपास की किसी एक गृहिणी को गले लगाकर उनके योगदान की सराहना करें। उनका संदेश साफ है कि हर उर्मिला सम्मान और पहचान की हकदार है।

Hindi Behind Talkies AMP · त्वरित दृश्य
पूरा लेख देखें