Mahatma Gandhi के किरदार में Manoj Bajpayee का जबरदस्त ट्रांसफॉर्मेशन, लुक देख दंग रह गए फैंस!
मनोज बाजपेयी पहली बार महात्मा गांधी के किरदार में नजर आएंगे। सुधीर मिश्रा की फिल्म के फर्स्ट लुक में उनका जबरदस्त ट्रांसफॉर्मेशन और गांधीजी की बॉडी लैंग्वेज ने फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है।
Mahatma Gandhi के किरदार में Manoj Bajpayee का जबरदस्त ट्रांसफॉर्मेशन, लुक देख दंग रह गए फैंस!
बॉलीवुड के शानदार अभिनेताओं में शुमार मनोज बाजपेयी एक बार फिर अपने किरदार के साथ ऐसा प्रयोग करते नजर आ रहे हैं, जिसने फैंस को हैरान कर दिया है। अभिनेता जल्द ही पर्दे पर महात्मा गांधी की भूमिका निभाने वाले हैं और फिल्म से उनका पहला लुक सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है। खास बात यह है कि गांधीजी के रूप में मनोज को पहली नजर में पहचानना भी मुश्किल हो रहा है।
गांधी के रूप में पहली बार नजर आए मनोज बाजपेयी
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता मनोज बाजपेयी अपने करियर में पहली बार महात्मा गांधी का किरदार निभा रहे हैं। इस फिल्म का निर्देशन सुधीर मिश्रा कर रहे हैं, जबकि अनुभव सिन्हा इसके निर्माताओं में शामिल हैं। फिल्म का वर्किंग टाइटल ‘Gandhi and My Mother’ बताया जा रहा है।
लुक ही नहीं, बॉडी लैंग्वेज पर भी खास काम
सामने आए फर्स्ट लुक में मनोज बाजपेयी सफेद कपड़ों और गांधीजी की पहचान वाली लाठी के साथ नजर आ रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेता ने सिर्फ मेकअप और कॉस्ट्यूम के जरिए लुक हासिल नहीं किया, बल्कि गांधीजी की बॉडी लैंग्वेज को भी अपनाने पर काम किया है। निर्माता अनुभव सिन्हा के अनुसार, इस भूमिका के लिए मनोज ने काफी वजन भी कम किया और खास डाइट व लाइफस्टाइल फॉलो की।
आजादी के दौर की 21 दिनों की अनसुनी कहानी
फिल्म गांधीजी की जिंदगी के आजादी के आसपास के 21 बेहद महत्वपूर्ण और कम चर्चित दिनों पर केंद्रित होगी। कहानी उस दौर को दिखाएगी जब देश स्वतंत्रता की ओर बढ़ रहा था और गांधीजी ने एक अप्रत्याशित फैसला लिया था। सुधीर मिश्रा ने बताया है कि यह कहानी इतिहास की सतही घटनाओं से आगे जाकर गांधीजी की निजी यात्रा और उनके फैसले के पीछे की भावनाओं को तलाशेगी।
लखनऊ में शुरू हुई शूटिंग
फिल्म की शूटिंग लखनऊ में शुरू हो चुकी है। 1940 के दशक का माहौल तैयार करने के लिए विंटेज कारों, पुराने जमाने के कपड़ों और साइनबोर्ड्स का इस्तेमाल किया जा रहा है। फिल्म में सौरभ शुक्ला और दिव्या दत्ता भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। रिलीज डेट और फिल्म के आधिकारिक टाइटल की घोषणा अभी बाकी है।
मनोज बाजपेयी का यह ट्रांसफॉर्मेशन फिलहाल फिल्म के प्रति उत्सुकता बढ़ाने में कामयाब रहा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि पर्दे पर उनका गांधी अवतार दर्शकों पर कितना गहरा असर छोड़ता है।