कटरीना कैफ के सपोर्ट में प्रियंका चतुर्वेदी-खुशबू, महिलाओं की उम्र पर ट्रोलिंग को लेकर कमेंटबाजों को दिया करार
कटरीना कैफ के लुक को लेकर सोशल मीडिया पर उठे सवालों के बीच प्रियंका चतुर्वेदी और खुशबू ने उनका समर्थन किया। दोनों ने उम्र और महिलाओं की खूबसूरती को लेकर होने वाली ट्रोलिंग पर सवाल उठाते हुए कमेंटबाजों को करारा जवाब दिया।
कटरीना कैफ के सपोर्ट में प्रियंका चतुर्वेदी-खुशबू, महिलाओं की उम्र पर ट्रोलिंग को लेकर कमेंटबाजों को दिया करारा जवाब
कटरीना कैफ हाल ही में गणेश चतुर्थी के मौके पर पति विक्की कौशल के साथ नजर आईं, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनके लुक और बढ़े हुए वजन को लेकर तरह-तरह की टिप्पणियां सामने आईं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ यूजर्स ने उनकी पुरानी तस्वीरों से तुलना करते हुए उनके पोस्ट-प्रेग्नेंसी लुक पर सवाल उठाए। इसके बाद कटरीना के समर्थन में कई लोगों ने आवाज उठाई।
अब इस मामले में अभिनेत्री और नेता खुशबू सुंदर ने खुलकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कटरीना की पुरानी और नई तस्वीरें शेयर करते हुए सवाल उठाया कि महिलाओं की उम्र और शरीर को हमेशा सार्वजनिक चर्चा का विषय क्यों बना दिया जाता है। उनका कहना था कि महिलाओं के शरीर में उम्र, मातृत्व और जीवन के अलग-अलग पड़ावों के साथ बदलाव स्वाभाविक हैं।
खुशबू ने पुरुषों और महिलाओं के लिए समाज के अलग-अलग रवैये पर भी सवाल उठाया। उन्होंने अपने पोस्ट में उदाहरण देते हुए कहा कि पुरुषों के बाल सफेद होने या गंजे होने पर उन्हें अक्सर ‘मैच्योर’ या ‘डिस्टिंग्विश्ड’ कहा जाता है, जबकि महिलाओं के शरीर में मामूली बदलाव भी चर्चा और आलोचना का विषय बन जाते हैं।
उन्होंने मातृत्व के बाद शरीर में होने वाले बदलावों का जिक्र करते हुए कटरीना का समर्थन किया और कहा कि उन्हें अपने शरीर, वजन या मां बनने के फैसले के लिए किसी को सफाई देने की जरूरत नहीं है। खुशबू ने अपने अनुभव का भी हवाला दिया और बताया कि वजन को लेकर उन्हें भी टिप्पणियों का सामना करना पड़ा है।
वहीं प्रियंका चतुर्वेदी ने भी कटरीना के समर्थन में पोस्ट किया। उन्होंने कहा कि किसी महिला को अपने वजन, उम्र, लुक, शरीर या त्वचा को लेकर उन लोगों को जवाब देने की जरूरत नहीं है, जो लगातार इन चीजों पर टिप्पणी करते हैं। उनके मुताबिक, व्यक्ति की जिंदगी, शरीर और पसंद उसकी अपनी है।
इस पूरे मामले ने सेलिब्रिटीज के लुक और खासकर महिलाओं के शरीर को लेकर सोशल मीडिया पर होने वाली टिप्पणियों पर फिर बहस छेड़ दी है। इससे पहले श्रद्धा आर्या और अन्य लोगों ने भी कटरीना के समर्थन में आवाज उठाई थी।